छेड़खानी को लेकर दो गांव में संग्राम, पथराव, फायरिंग, लाठी चार्ज, एक जवान समेत कई घायल

“कुछ मनचले स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करते थे। जिसके कारण दोनों गांव के लोगों के बीच तनाव था……………..”
एक्सपर्ट मीडिया न्यूज नेटवर्क (बिहार शरीफ ब्यूरो)। नालंदा जिले का बिहार शरीफ रहुई मार्ग उस वक्त रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब दो गांव के लोग छात्राओं के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर आपस में भिड़ गए।
इस दौरान दोनों तरफ से जमकर पथराव और फायरिंग हुई। इस घटना में महिला और पुरुष समेत आधा दर्जन से अधिक लोग जख्मी हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उग्र ग्रामीणों को शांत कराने के लिए लाठी चार्ज करना पड़ा। पुलिस के पहुंचते ही इस इलाके में भगदड़ मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे।
ग्रामीणों ने पुलिस के ऊपर भी जमकर पथराव किया। जिसमें एक होमगार्ड का जवान भी जख्मी हो गया।
बताया जाता है कि ढिबरा पर के कुछ मनचले स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं के साथ छेड़खानी करते थे। जिसके कारण दोनों गांव के लोगों के बीच तनाव था।
इसी को लेकर ढिबरा पर के मनचलों ने आज बिहार शरीफ से गांव लौट रहे एक व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया।
फिर क्या था दोनों गांव के लोग आपस में भीड़ गए और जमकर मारपीट ,फायरिंग और पथराव हुआ।
सूचना मिलते ही डीएसपी संजय कुमार, बिहार, सोहसराय, बिंद, भागन बिगहा ओपी थाना पुलिस और भारी संख्या में जवान मौके पर पहुंचे और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।