Home नालंदा पूर्व मंत्री-नालंदा जदयू विधायक ने राजगीर प्रखंड परिसर में हादसा पीड़ित परिजनों...

पूर्व मंत्री-नालंदा जदयू विधायक ने राजगीर प्रखंड परिसर में हादसा पीड़ित परिजनों को सौंपे आपदा के चेक

राजगीर व आस-पास का पूरा इलाका विश्व पटल पर उभर रहा है। यहां पर कई विश्वस्तरीय योजनाएं चल रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार छात्र व छात्राओं को योजनाओं का लाभ दे रही है...

बिहारशरीफ( संजय कुमार)। राजगीर प्रखंड परिसर में शनिवार को दुर्घटनाओं में मरने वाले व्यक्ति के परिवारों के बीच पूर्व ग्रामीण विकास मंत्री सह विधायक श्रवण कुमार द्वारा आपदा के तहत चार लाख का चेक दिया गया।

लाभुक परिवारों में गिरियक मोड़ निवासी गायत्री देवी व नईपोखर गाजीपुर निवासी बीरेन्द्र कुमार शामिल हैं। गायत्री देवी के14 माह का पुत्र अभय की गाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गयी थी।

वहीं बीरेन्द्र कुमार की पत्नी बबीता देवी की ठनका से मौत हुई थी। लाभुक परिवारों को चेक देते हुए विधायक श्रवण कुमार ने कहा कि सूबे की सरकार हर तरह की योजनाओं का लाभ दे रही है। आपदा में आने पर लोगों को निश्चित तौर पर लाभ मिलता है।

श्री कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना से हर गांव में पक्की गली-नाली बनायी गयी है। हर घर में नल से जल, हर घर बिजली, हर गांव में सड़क बनायी गयी है। इससे अब गांवों में रहने वाले लोगों को शहरों के जैसी सुविधा मिल रही है। गांव विकसीत हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राजगीर व आस-पास का पूरा इलाका विश्व पटल पर उभर रहा है। यहां पर कई विश्वस्तरीय योजनाएं चल रही है। शिक्षा के क्षेत्र में भी सरकार छात्र व छात्राओं को योजनाओं का लाभ दे रही है। महिलाएं जीविका से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। हर वर्ग के लोगों को लाभ मिल रहा है।

पूर्व मंत्री ने बीडीओ मिथलेश बिहारी वर्मा व सीओ मृत्युंजय कुमार को प्रखंड परिसर की सफाई करवाने को कहा ताकि यह एक पर्यटक नगरी का प्रखंड मुख्यालय दिखे।

इस मौके पर बीडीओ मिथलेश बिहारी वर्मा, सीओ मृत्युंजय कुमार, जदयू नेता मुन्ना कुमार, जदयू नगर अध्यक्ष राकेश कुमार, रंजीत कुमार छोटे, अजय पासवान, भीम यादव, अजीत कुमार वर्मा, तारकेश्वर प्रसाद, अरुण कुमार आदि लोग मौजूद थे।

error: Content is protected !!
Exit mobile version