बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। अस्थावां थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में पूर्व मुखिया के घर तीन करोड़ की सनसनीखेज चोरी के बाद अब पुलिस कार्रवाई पर ही सवाल उठने लगे हैं। न्याय की गुहार लेकर दर्जनों महिलाएं बिहारशरीफ समाहरणालय पहुंचीं और बिहारशरीफ में नालंदा एसपी भारत सोनी से मुलाकात की।
ग्रामीण महिलाओं का आरोप है कि चोरी की गुत्थी सुलझाने में नाकाम रही अस्थावां थाना पुलिस अब बेगुनाह लोगों को निशाना बना रही है। उनका कहना है कि गांव के एक घर में हुई करीब तीन करोड़ रुपये की बड़ी चोरी के मामले में पुलिस बिना ठोस सबूत के गांव में दबिश दे रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक इससे पहले भी पुलिस तीन लोगों को उठाकर थाने ले गई थी। गांव में हंगामा होने के बाद तीनों को छोड़ दिया गया। लेकिन पुलिस की कार्रवाई थमी नहीं। बीती रात फिर पुलिस शेरपुर पहुंची और दो युवक को अपने साथ ले गई।
परिजनों का आरोप है कि अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि आखिर इस हाई-प्रोफाइल चोरी में कौन शामिल है, लेकिन पुलिस अंधेरे में तीर चला रही है।
चोरी की घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद न तो किसी की गिरफ्तारी हुई है और न ही कोई ठोस सुराग सामने आया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम को भी बुलाया गया था, लेकिन ग्रामीणों का दावा है कि जांच अभी तक नतीजों से खाली है।
लगातार पुलिस दबिश से गांव में दहशत का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि निर्दोष युवकों को परेशान करना बंद किया जाए और असली चोरों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।
इसी मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल एसपी से मिला और निष्पक्ष जांच की मांग की। अब देखना यह है कि तीन करोड़ की इस बड़ी चोरी की गुत्थी कब सुलझती है और पुलिस आरोपों के घेरे से खुद को कैसे बाहर निकालती है।
समाचार स्रोतः नालंदा दर्पण डेस्क/तालिब







