सोशल मीडिया पर कट्टा लहराने का वीडियो वायरल मामले में दो गिरफ्तार

बेन (नालंदा दर्पण)। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें दो युवक देशी कट्टा लहराते नजर आए। इस वीडियो के सामने आने के बाद बेन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की। वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान धोबड़ी गांव निवासी रंजीत कुमार (21) पिता पप्पू प्रसाद और अमरजीत कुमार (15) पिता अर्जुन प्रसाद के रूप में हुई।

पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपितों को अमरजीत के घर से हिरासत में लिया। छापेमारी के दौरान अमरजीत के घर से एक देशी कट्टा भी बरामद किया गया। पूछताछ में अमरजीत ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में कट्टा लहराने वाला वही है। उसने बताया कि इलाके में अपनी धाक जमाने के लिए उसने राजेश चौहान नामक व्यक्ति से कट्टा लिया और वीडियो बनवाया।

पुलिस ने राजेश चौहान की तलाश शुरू की, लेकिन वह फरार होने में सफल रहा। बेन थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की जांच के बाद दो आरोपितों को हिरासत में लिया गया है। राजेश चौहान पिता सुनील चौहान की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

हिरासत में लिए गए रंजीत कुमार और अमरजीत कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के आपराधिक कृत्यों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोग सोशल मीडिया के दुरुपयोग और युवाओं में बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार