कतरीसराय पुलिस का बिग साइबर क्रैकडाउन, हाईटेक गिरोह के 5 ठग दबोचे

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। कतरीसराय थाना पुलिस ने वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर की गई गुप्त छापेमारी में साइबर ठगी करने वाले पाँच आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार और अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय के पीछे विजय यादव के घर पर यह कार्रवाई की गई।

गुप्त सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस टीम ने घर की तलाशी के दौरान गुड्डू कुमार, कुंदन कुमार उर्फ चंदन कुमार (दोनों सहोदर भाई), राजकरण यादव, आकाश कुमार तथा एक विधिविरुद्ध बालक को पकड़ा।

पुलिस ने छापेमारी के दौरान साइबर अपराध में उपयोग होने वाले आठ स्क्रीन टच मोबाइल, दो एटीएम कार्ड, तीन बैंक पासबुक और 39.35 हजार रुपये नकद सहित कई जरूरी उपकरण बरामद किए।

इस कार्रवाई में गिरियक इंस्पेक्टर सुमंत कुमार एसआई संजय कुमार सिंह, एएसआई मनीष कुमार, एएसआई धर्मेंद्र कुमार, एएसआई रुदल पासवान, साधुशरण मोची, सपना कुमारी, गोलू कुमार, रंजीत कुमार और असंजय कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और शुरुआती जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस उनके आपराधिक नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और साइबर ठगी में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Exit mobile version