कतरीसरायनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीरहादसा

मुंशी पैन में पलटा ट्रैक्टर, दरवेशपुरा के किसान सतेन्द्र सिंह की दर्दनाक मौत

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। कतरीसराय प्रखंड क्षेत्र के दरवेशपुरा पूरब टोला में एक हृदय विदारक सड़क हादसे में 50 वर्षीय किसान सतेन्द्र सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना तरौनी-दरवेशपुरा रोड स्थित मुंशी पैन पर बने पुल के समीप घटी, जहां ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे पैन में जा गिरा और पलट गया।

मृतक की पहचान दरवेशपुरा निवासी सतेन्द्र सिंह (पिता मुन्नी सिंह) के रूप में की गई है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सतेन्द्र सिंह अपने खेत की जुताई कर ट्रैक्टर से घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि आंगनबाड़ी केंद्र के पास सड़क किनारे ट्रैक्टर को बैक करते समय अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया। देखते ही देखते ट्रैक्टर मुंशी पैन में जा गिरा और पलट गया। भारी वाहन के नीचे दब जाने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, तब तक सब कुछ खत्म हो चुका था। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को हटाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किसान दम तोड़ चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष आदित्य कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है तथा विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।

इधर इस हादसे ने पूरे दरवेशपुरा गांव को झकझोर कर रख दिया है। सतेन्द्र सिंह अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा और आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

समाचार स्रोत: नालंदा दर्पण / संतोष भारतीय

मुकेश भारतीय

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, प्रशासन, सरकार को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर लेखन-संपादन करते आ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.