Home कतरीसराय भातुबिगहा फायरिंग मामला: फरार चल रहा मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह गिरफ्तार

भातुबिगहा फायरिंग मामला: फरार चल रहा मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह गिरफ्तार

बेन में पुलिस की बड़ी कामयाबी, गोलीबारी व रोड़ेबाजी कांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर कार्रवाई: बेन पुलिस ने रोड़ेबाजी-फायरिंग कांड के मास्टरमाइंड को दबोचा

बेन (नालंदा दर्पण)। बेन थाना क्षेत्र में पूर्व मुखिया एवं भातुबिगहा गांव में हुई सनसनीखेज रोड़ेबाजी, फायरिंग और मारपीट की घटना में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बेन थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भातुविगहा गांव निवासी गोविंद सिंह के पुत्र लक्ष्मण सिंह को धर दबोचा और न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण सिंह पर कांड संख्या 18/26 सहित कई गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं। आरोपी पूर्व मुखिया बलिराम सिंह एवं नीतीश सिंह के घर पर चढ़कर रोड़ेबाजी, फायरिंग और मारपीट की घटना में मुख्य भूमिका निभाने का आरोपित है। घटना के बाद से ही वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस की गिरफ्त से बचने के लिए अपने ठिकाने बदल रहा था।

थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपने ही गांव में छिपकर रह रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए धर्मेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने भातुविगहा गांव में सघन छापेमारी कर इलाके की घेराबंदी की और मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अन्य असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होगी।

थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

छापेमारी अभियान में पुलिस पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे। सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। लक्ष्मण सिंह की गिरफ्तारी को बेन थाना पुलिस की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

स्रोत : बेन से नालंदा दर्पण डेस्क के लिए रामावतार कुमार की रिपोर्ट

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version