
चंडी (नालंदा दर्पण)। आज सुबह करीब 6:30 बजे चंडी थाना क्षेत्र के अंतर्गत बिहटा-सरमेरा रोड पर तीना गांव के पास एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें आम और गैस लदे दो ट्रकों की आमने-सामने की टक्कर में दोनों ट्रकों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों ट्रकों के खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में चालक और खलासी ट्रकों के केबिन में फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गैस कटर की सहायता से केबिन को काटकर शवों और घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस के अनुसार हादसे की वजह चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। एक ट्रक सहारनपुर से आम लेकर बिहारशरीफ की ओर आ रहा था। जबकि दूसरा ट्रक बिहारशरीफ से दनियावां की ओर जा रहा था। तेज रफ्तार और संभवतः नींद की वजह से यह हादसा हुआ।
आम लदे ट्रक के चालक की पहचान रहुई थाना क्षेत्र के शाहपुर निवासी शिव बालक यादव (26) के रूप में हुई है। उनके साथी खलासी सुनील यादव (23) गंभीर रूप से घायल हैं और सदर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। दूसरे ट्रक के चालक और खलासी की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है।
हादसे के दौरान एक ट्रक बिजली के पोल से टकरा गया, जिसके कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और 33 केवी लाइन प्रभावित हो गई। गनीमत रही कि बिजली की चिंगारी ट्रक की ओर नहीं फैली, वरना गैस लदे ट्रक के कारण बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना के चलते बिहटा-सरमेरा रोड पर करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
चंडी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया। कई ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों के कारण हादसे होते रहते हैं। उन्होंने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियमों को सख्त करने और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग की है।