Home कतरीसराय इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है कतरीसराय प्रमुख...

इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है कतरीसराय प्रमुख बाजार

Katrisarai is grappling with the problem of severe traffic congestion

कतरीसराय (नालंदा दर्पण)। कतरीसराय प्रखंड मुख्यालय का प्रमुख बाजार इन दिनों भीषण जाम की समस्या से जूझ रहा है। संकरी सड़क पर बड़े मालवाहक वाहनों का प्रवेश, बाइक सवारों एवं टोटो चालकों की मनमानी पार्किंग ने हालात को बद से बदतर बना दिया है। सड़क के बीचों-बीच और आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण आम राहगीरों, मरीजों और स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जाम की समस्या को और गंभीर बना रहे हैं वे दुकानदार, जिन्होंने खुलेआम फुटपाथ पर कब्जा कर अपने सामान सजा रखे हैं। फुटपाथ पर अतिक्रमण होने के कारण पैदल चलने वालों को मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे न केवल आमजन बल्कि आपातकालीन सेवाओं को भी प्रभावित होना पड़ रहा है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि इस गंभीर समस्या पर पुलिस एवं प्रशासन की भूमिका मात्र मूकदर्शक की बनी हुई है। न तो अवैध पार्किंग के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई हो रही है और न ही फुटपाथ अतिक्रमण हटाने को लेकर कोई ठोस पहल नजर आ रही है।

स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों के प्रवेश पर तत्काल रोक लगाई जाए, नो-पार्किंग जोन निर्धारित कर सख्ती से पालन कराया जाए तथा फुटपाथ से अतिक्रमण हटाकर आमजन को राहत दी जाए। लोगों का कहना है कि यदि शीघ्र ही ठोस कदम नहीं उठाए गए तो जाम की समस्या और भी भयावह रूप ले सकती है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version