कनपटी में कट्टा सटा दुकानदार के घर से 7.80 लाख की लूट

अस्थावां (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के मोहनी गांव में एक दुकानदार के घर में हुई डकैती की सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। बीती रात करीब आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना दुकानदार के घर में घुसकर परिवार के सभी सदस्यों की कनपटी पर कट्टा सटाकर 7.80 लाख रुपये की डकैती को अंजाम दिया और फरार हो गए। इस घटना ने स्थानीय लोगों में पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार यह वारदात रात करीब 12:30 बजे हुई। बदमाश छत के रास्ते दुकानदार के घर में दाखिल हुए। पीड़ित किराना दुकानदार रंजीत साव उर्फ कारू मूल रूप से जंगीपुर गांव के निवासी हैं और मोहनी गांव में शिवशंकर साव के मकान में किराए पर रहते हैं और वहीं अपनी किराना दुकान चलाते हैं। बदमाशों ने घर में घुसते ही दंपती और उनके बच्चों को जगाया और उनकी कनपटी पर कट्टा सटाकर गोली मारने की धमकी दी।

लुटेरों ने परिवार के सभी सदस्यों के हाथ और मुंह बांधकर उन्हें आंगन में बिठा दिया। इसके बाद बदमाशों ने आराम से घर में घंटों लूटपाट की। उन्होंने स्टोरवेल और बक्सा तोड़कर 3.30 लाख रुपये नकद और करीब 4.50 लाख रुपये के सोने  ,चांदी के जेवर लूट लिए। इसके अलावा दुकान से नकदी और बही  ,खाता भी लूट लिया गया।

सभी बदमाशों ने अपने चेहरे को गमछे से ढंका हुआ था। एक बदमाश ने पीला गमछा और बाकी पांच ने काला गमछा पहना था। लूटपाट के दौरान एक बदमाश के चेहरे से गमछा हट गया, जिसे पीड़ित परिवार ने देख लिया। यह सुराग पुलिस के लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। बदमाश खाली पैर थे और भागने के दौरान उनका एक कट्टा और ताला काटने का कटर घर में छूट गया। जिसे पीड़ित ने पुलिस को सौंप दिया।

घटना की सूचना मिलते ही अस्थावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। डीएसपी नूरुल हक ने बताया कि फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने मौके से साक्ष्य एकत्र किए हैं और उन्हें जांच के लिए भेजा गया है। इसके अलावा लुटेरों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है।

पीड़ित रंजीत साव ने बताया कि वह कई वर्षों से मोहनी गांव में किराना दुकान चला रहे हैं। इस तरह की घटना से उनका परिवार दहशत में है। उन्होंने पुलिस से अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ने और उनके नुकसान की भरपाई की मांग की है। रंजीत ने थाने में घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें उन्होंने लूट की पूरी जानकारी दी है।

बहरहाल, इस सनसनीखेज डकैती की घटना के बाद मोहनी गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। लोग रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। स्थानीय निवासियों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार