इस्लामपुरधर्म-कर्मनालंदाफीचर्डहिलसा

महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य शोभायात्रा, अखंड कीर्तन से गूंजा क्षेत्र

महाशिवरात्रि पर इस्लामपुर और ढेकवाहा गांव में उमड़ी आस्था की लहर, औंगारी धाम से जलभरी कर निकली 251 कलशों की भव्य शोभायात्रा, अखंड कीर्तन और भंडारा से भक्तिमय हुआ माहौल

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण डेस्क)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर इस्लामपुर प्रखंड एवं आसपास के क्षेत्रों में आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भगवान भोलेनाथ के मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने जल, बेलपत्र, धतूरा और दूध अर्पित कर भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

स्थानीय थाना परिसर स्थित यज्ञशाला में जनता पुलिस सहयोग समिति के तत्वावधान में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की।

पुजारी बुलेट बाबा, राधे लाल गुप्ता, संजय साहू और दयानंद प्रसाद ने बताया कि महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में 24 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया है। अखंड कीर्तन के समापन के बाद 16 फरवरी को श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया जाएगा, वहीं रात्रि में भव्य भगवती जागरण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

इधर प्रखंड के ढेकवाहा गांव में भी महाशिवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखा गया। ग्रामवासियों के सहयोग से हनुमान मंदिर परिसर में श्री श्री 73वां 24 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया है। आयोजन से पूर्व औंगारी धाम से 251 कलशों में जल भरकर एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई।

इस शोभायात्रा में ढेकवाहा और सरैयापर गांव के सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ निकली शोभायात्रा पूरे गांव का भ्रमण करते हुए हनुमान मंदिर पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक कलशों की स्थापना की गई।

ग्रामीण संजीव कुमार, राजेश कुमार, रौशन कुमार, कवि पांडेय, श्याम कुमार, अमित कुमार, सोनू कुमार, बिक्की कुमार, मिथुन कुमार और सुदामा कुमार ने बताया कि अखंड कीर्तन के समापन के बाद 16 फरवरी को भव्य भंडारा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में सांध्य देवी, ललिता देवी, सावित्री कुमारी, गीता देवी, बेबी देवी, सीमा देवी, पायल कुमारी और प्रियंका कुमारी सहित कई ग्रामीण महिलाएं और युवा बढ़-चढ़कर योगदान दे रहे हैं।

आयोजन के कारण पूरे क्षेत्र में भक्ति और उत्साह का माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव से भगवान शिव की आराधना में लीन हैं।

समाचार स्रोत: नालंदा दर्पण डेस्क / रामकुमार वर्मा

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.