Holi 2026 Celebration: पांडु पोखर में ‘रंग दे राजगीर’ कार्यक्रम में महिलाओं ने रचा रंगीन उत्सव
Women celebrate Holi with unity and enthusiasm at Rang De Rajgir event organised by Rajgrih Mahila Manch Club in Pandu Pokhar
राजगीर (नालंदा दर्पण)। होली के पावन अवसर पर शनिवार को ऐतिहासिक नगरी राजगीर के प्रसिद्ध पांडु पोखर परिसर में उल्लास, सौहार्द और महिला सशक्तिकरण का अनूठा संगम (Holi 2026 Celebration) देखने को मिला। राजगृह महिला मंच क्लब की ओर से आयोजित रंग दे राजगीर’ कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को रंगों और मुस्कान से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम का संयुक्त उद्घाटन नगर परिषद राजगीर की सभापति जीरो देवी एवं भारत सरकार से सम्मानित बरनौसा पंचायत की मुखिया संध्या सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इसके बाद उपस्थित महिलाओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया।
रंगों के साथ एकता का संदेशः रंग दे राजगीर’ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य केवल होली का उत्सव मनाना ही नहीं, बल्कि महिलाओं के बीच आपसी एकता, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक जुड़ाव को और मजबूत करना रहा। पांडु पोखर का रमणीय वातावरण, हंसी-ठिठोली, गुलाल की फुहार और पारंपरिक उल्लास सब कुछ इस आयोजन को यादगार बना गया।
महिलाओं की सशक्त भागीदारीः इस अवसर पर पार्षद कविता कुमारी, पार्षद मनीषा कुमारी, राजगृह महिला मंच क्लब की अध्यक्ष अंतरा साव, उपाध्यक्ष संध्या सिंह, सचिव व समाजसेवी अनिता कुमारी गुप्ता, कोषाध्यक्ष प्रियंका सिंह, समन्वयक ममता कुमारी, एडिटर कंचन कुमारी सहित गीता कुमारी, सीमा गुप्ता, अनुपमा कुमारी, निशि कुमारी, हर्षिता, प्राची, पूनम, काजल कुमारी समेत नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए महिलाएं और बालिकाएं उपस्थित रहीं।
राजगीर की सामाजिक रंगत को मिली नई पहचानः ‘रंग दे राजगीर’ कार्यक्रम ने यह साबित कर दिया कि जब महिलाएं एक मंच पर आती हैं, तो सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराएं और अधिक सशक्त होती हैं। आयोजन के अंत में सभी ने भविष्य में भी इस तरह के सामाजिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित करने का संकल्प लिया।







