गोरायपुर बलबा छठ घाट पर नहाने के दौरान डूबा किशोर, गांव में छाया मातम

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। छठ महापर्व की रौनक अभी थमी भी नहीं थी कि नालंदा जिले के नगरनौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोरायपुर बलबा छठ घाट पर एक हृदयविदारक हादसा हो गया। नहाने के दौरान गहरे पानी में फंसकर एक 12 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव के ही निवासी बिन्देश्वरी प्रसाद के पुत्र सावन उर्फ गोलू कुमार के रूप में हुई है।

यह घटना छठ पूजा के ठीक बाद सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है, जब बच्चा अपने चार साथियों के साथ घाट पर स्नान करने पहुंचा था। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिवार वाले सदमे में हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार छठ पूजा के अवसर पर घाट पर भारी भीड़ उमड़ी हुई थी। पूजा-अर्चना के बाद लोग स्नान कर रहे थे। सावन उर्फ गोलू अपने चार दोस्तों के साथ घाट पर पहुंचा और उत्साह में नहाने लगा। साथी बच्चों ने बताया कि खेल-खेल में गोलू गहरे पानी की ओर चला गया। पानी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण वह अचानक डूबने लगा। आसपास मौजूद लोग चिल्लाने लगे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

साथी बच्चों ने शोर मचाया और ग्रामीणों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कुछ स्थानीय युवक पानी में कूदे और गोलू को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। ग्रामीणों ने उसे तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाने की कोशिश की, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह दृश्य देखकर कुछ घंटे पहले तक व्रतियों की आराधना और गीतों से गूंज रहा था,  वहां अचानक मातम छा गया।

घटना की सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह डूबने का मामला लग रहा है और किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सटीक कारणों का पता चलेगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार