शराब कारोबार में लेन-देन को लेकर चौकीदार पुत्र को मारी गोली, पटना रेफर

हिलसा (नालंदा दर्पण)। हिलसा नगर के दरगाह रोड में देर रात बदमाशों ने शराब कारोबार में लेन-देन को लेकर एक युवक को निशाना बनाते हुए उस पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। लगभग रात 11 बजे हुई इस वारदात में बदमाशों ने बनवारीपुर गांव निवासी और सेवानिवृत चौकीदार रविंद्र प्रसाद के 25 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार को दो गोलियां मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के तुरंत बाद हमलावर फरार हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से खून से लथपथ पड़े युवक को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। बताया जा रहा हैं कि अभिषेक के सीने और दाहिने कंधे में गोलियां लगी हैं।

परिजनों का आरोप हैं कि अभिषेक ऑटो चलाने का काम करता हैं और एक युवक के पास उसका कुछ पैसा बकाया था। देर रात उसी युवक ने फोन कर पैसे लौटाने के बहाने उसे दरगाह रोड बुलाया। जैसे ही अभिषेक वहां पहुंचा, पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उस पर गोलियों की बौछार कर दी। दो गोलियां लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा।

परिवार का कहना हैं कि बकाया रकम हड़पने की नीयत से अपराधियों ने यह हमला किया। वहीं स्थानीय सूत्रों के अनुसार यह पूरा मामला कथित शराब कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच आपसी लेन-देन के विवाद से जुड़ा हो सकता हैं।

इस घटना के बाद हिलसा थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई हैं और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई हैं। इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ हैं।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार