Home चंडी गालीबाज आवास सहायक का ऑडियो वायरल, वार्ड सदस्य को दी धमकी, आक्रोश

गालीबाज आवास सहायक का ऑडियो वायरल, वार्ड सदस्य को दी धमकी, आक्रोश

Audio of abusive housing assistant goes viral, threat to ward member, anger in panchayat
Audio of abusive housing assistant goes viral, threat to ward member, anger in panchayat

चंडी (नालंदा दर्पण)। चंडी प्रखंड के अमरौरा पंचायत में आवास सहायक धर्मेंद्र कुमार का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें वह एक वार्ड सदस्य को न केवल गाली दे रहा है, बल्कि गोली मारने की धमकी भी दे रहा हैं। इस घटना के बाद पंचायत में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

जानकारी के अनुसार अमरौरा पंचायत के महेशपुर वार्ड संख्या एक में आवास सहायक द्वारा बिचौलियों के साथ मिलकर मनमाने ढंग से सर्वे किए जाने की शिकायतें थीं। इसी को लेकर वार्ड संख्या एक के सदस्य साजन कुमार ने धर्मेंद्र कुमार को फोन कर सर्वे की तिथि आगे बढ़ाने का अनुरोध किया। इस पर आवास सहायक आपा खो बैठे और अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे।

ऑडियो में धर्मेंद्र कुमार यह कहते सुने जा सकते हैं- “तू मेरा मालिक नहीं है, मैं जहां चाहूंगा, जब चाहूंगा सर्वे करूंगा!” जब वार्ड सदस्य ने आपत्ति जताई और कहा कि सर्वे नियमानुसार होना चाहिए तो धर्मेंद्र कुमार ने गाली-गलौच करते हुए गोली मारने की धमकी दे डाली।

इस घटना के बाद वार्ड सदस्य साजन कुमार ने पंचायत के मुखिया प्रमोद कुमार से शिकायत की। मुखिया ने बताया कि धर्मेंद्र कुमार का यह रवैया नया नहीं है, इससे पहले भी वह जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से दुर्व्यवहार कर चुका है। उन्होंने कहा, “आवास सहायक खुद को पंचायत से ऊपर समझता है और मनमानी करता है। उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई जरूरी हो गई है।”

सोशल मीडिया पर ऑडियो वायरल होने के बाद पंचायत में लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। वार्ड सदस्य साजन कुमार ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आवास सहायक के खिलाफ थाने में केस दर्ज कराने की बात कही है।

वहीं इस मामले पर आवास पर्यवेक्षक आलोक कुमार ने कहा कि उन्हें ऑडियो वायरल होने की जानकारी मिली है, लेकिन उन्होंने इसे अभी तक सुना नहीं है। उन्होंने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।

बहरहाल, इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन ने जल्द ही इस मामले में कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version