बेनअपराधनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

डेकोरेशन शॉप में चोरी का खुलासा: बेन पुलिस ने 4 चोरों को दबोचा, सामान बरामद

बेन बाजार स्थित अमरजीत डेकोरेशन शॉप में 15 जनवरी को हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए

बेन (नालंदा दर्पण)। बेन बाजार स्थित एक डेकोरेशन शॉप में हुई सनसनीखेज चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। त्वरित कार्रवाई करते हुए बेन पुलिस ने चोरी की वारदात में शामिल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उनके कब्जे से चोरी गया कीमती साउंड और लाइटिंग उपकरण भी बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र के व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान खुदागंज एवं इस्लामपुर थाना क्षेत्र के पंचमटला निवासी अजय प्रसाद के 18 वर्षीय पुत्र धन्नजय कुमार, नवामुसहरी निवासी ईश्वर प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार, उपेन्द्र प्रसाद के 20 वर्षीय पुत्र रंजन कुमार तथा दीनदयाल गांव निवासी फकीरा प्रसाद के 22 वर्षीय पुत्र रितेश कुमार के रूप में की गई है।

बताया जाता है कि 15 जनवरी 2026 की रात इन बदमाशों ने बेन बाजार स्थित अमरजीत डेकोरेशन नामक दुकान का ताला काटकर भीतर घुसपैठ की और एम्प्लीफायर मशीन, लाइट सेट, साउंड बॉक्स, स्टूडियो मास्टर समेत कई महंगे उपकरण चोरी कर फरार हो गए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद पीड़ित दुकानदार शिवशंकर प्रसाद ने बेन थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कांड संख्या 8/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। लगातार छानबीन, तकनीकी साक्ष्य और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया गया।

इस संबंध में थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि चोरी जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि पूछताछ पूरी होने के बाद सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

थानाध्यक्ष ने जानकारी दी कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें पुनि आलोक कुमार (प्रभारी जिला आसूचना इकाई), पुअनि चंदन कुमार, पुअनि धर्मेन्द्र चौधरी, पुअनि रवि प्रताप सिंह, सअनि रंजय सिंह, सअनि नयन कुमार एवं सअनि श्यामसुंदर राम शामिल थे। टीम की समन्वित कार्रवाई से इस मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

घटना के खुलासे के बाद बेन बाजार के दुकानदारों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है। व्यापारियों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि आगे भी इस तरह की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगेगी।

बेन से नालंदा दर्पण के लिए रामावतार कुमार की रिपोर्ट

Nalanda Darpan

नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके। More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.