खेल-कूदनालंदाफीचर्डराजगीर

बिहार को जल्द मिलेगा अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट का नया गढ़, राजगीर स्टेडियम निर्माण ने पकड़ी रफ्तार

“बिहार में क्रिकेट के विकास की दिशा में यह स्टेडियम एक मील का पत्थर साबित हो सकता है। इससे न सिर्फ राज्य की खेल प्रतिभाओं को निखरने का मौका मिलेगा, बल्कि बिहार की पहचान भी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और मजबूत होगी...

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार में क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। राजगीर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण कार्य को गति देने के उद्देश्य से बिहार भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।

इस बैठक में विभाग के वरीय पदाधिकारी, अभियंता और कार्यकारी एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान निर्माण की प्रगति, गुणवत्ता और आगामी कार्यों को लेकर गहन समीक्षा की गई।

बैठक में कार्यकारी एजेंसी ने प्रजेंटेशन के माध्यम से बताया कि स्टेडियम की छह लाल मिट्टी की क्रिकेट पिचें पूरी तरह तैयार हो चुकी हैं और उन पर घास बिछाने का कार्य भी संपन्न हो गया है।

इसके अतिरिक्त आउटफील्ड, हाई मास्ट लाइट्स, स्कोर बोर्ड, पवेलियन फिनिशिंग, साउंड सिस्टम, वाटर सप्लाई, फायर अलार्म और फायर फाइटिंग जैसी व्यवस्थाओं पर भी विस्तृत जानकारी दी गई।

स्टेडियम का मेन पवेलियन अब पूरी तरह तैयार है। जबकि जनरल स्टैंड ईस्ट, जनरल स्टैंड वेस्ट और रिवर्स पवेलियन का सिविल वर्क तेजी से अंतिम चरण में है। साथ ही इन भागों का फिनिशिंग कार्य भी समानांतर रूप से किया जा रहा है।

सचिव कुमार रवि ने बैठक में स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य तयशुदा टाइमलाइन के भीतर पूरे किए जाएं और निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह स्टेडियम न केवल राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मैचों की मेजबानी करेगा, बल्कि बिहार के उभरते क्रिकेट खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं भी प्रदान करेगा।

मानसून को ध्यान में रखते हुए मैदान से जलनिकासी के लिए विशेष ड्रेनेज सिस्टम तैयार किया गया है। वहीं मैदान के बाहरी क्षेत्र और सौंदर्यीकरण को लेकर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

बता दें कि यह क्रिकेट स्टेडियम 72843 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया जा रहा है। जिसमें 40,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। कार्यकारी एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि अगले दो महीनों में यह स्टेडियम मैच आयोजन के लिए पूरी तरह तैयार हो जाएगा।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.