Home नगरनौसा बीस सूत्री बैठक में उठे ज्वलनशील मुद्दे, अफसरों पर लगे गंभीर आरोप

बीस सूत्री बैठक में उठे ज्वलनशील मुद्दे, अफसरों पर लगे गंभीर आरोप

Burning issues raised in the twenty-point meeting, serious allegations leveled against officers

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। नगरनौसा प्रखंड कार्यालय के सभागार में गुरुवार 25 अप्रैल 2025 को प्रखंड स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति की बीस सूत्री बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीस सूत्री अध्यक्ष सतीश चंद्र प्रसाद ने की। इस दौरान विभिन्न गंभीर मुद्दों पर चर्चा हुई और अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगे।

बैठक की शुरुआत में सभी सदस्यों और अधिकारियों का परिचय हुआ। हालांकि बैठक शुरू होते ही सदस्यों ने बीस सूत्री सचिव सह बीडीओ ओमप्रकाश कुमार पर बैठक की सूचना समय पर न देने का आरोप लगाया। सदस्यों ने कहा कि 25 अप्रैल को होने वाली बैठक की जानकारी बिना कोई औपचारिक पत्र दिए 24 अप्रैल को दोपहर एक बजे के बाद दी गई, जिसका कोई औचित्य नहीं है। इस मुद्दे पर विधायक हरिनारायण सिंह ने बीडीओ पर नाराजगी जाहिर की और इसे गंभीर लापरवाही बताया।

बीस सूत्री उपाध्यक्ष अभय नंदन पांडेय ने बीज वितरण में अनियमितता का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि बीज वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता की कमी है। जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग की।

सदस्य सतीश कुमार ने प्रखंड के सभी पदाधिकारियों के नाम और मोबाइल नंबर सूचना पट्ट पर प्रदर्शित करने की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा कार्यान्वित योजनाओं की सूची उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।  ताकि आम जनता को योजनाओं की जानकारी मिल सके।

सदस्य सुबोध कुमार ने जनवितरण प्रणाली में नया नाम जोड़ने और बेटियों के नाम हटाने की प्रक्रिया में समस्याओं को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि प्रखंड कार्यालय में आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। जिसके कारण लोगों को साइबर कैफे के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है। इसके लिए मोटी रकम खर्च करनी पड़ती है। फिर भी काम नहीं होता। वहीं सदस्य चंदन कुमार ने जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं द्वारा लाभार्थियों को रसीद न देने का मुद्दा उठाया, जिससे पारदर्शिता पर सवाल उठ रहे हैं।

सदस्य पिंटू कुमार ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अवैध वसूली के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि पुर्जा कटाने के नाम पर अधिक राशि वसूली जा रही है। इसके अलावा आशा कार्यकर्ताओं द्वारा गर्भवती महिलाओं से पैसे लिए जा रहे हैं और एएनएम द्वारा प्रसव के लिए आई महिलाओं से अवैध वसूली की जा रही है। इन मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई।Burning issues raised in the twenty point meeting serious allegations leveled against officers 2

वहीं बैठक समाप्त होने के बाद एक और गंभीर मुद्दा सामने आया। नाश्ता पैकेट और पानी की खाली बोतलें छोटे बच्चों से उठवाए जाने का मामला उजागर हुआ। बीस सूत्री अध्यक्ष पिंटू कुमार और चंदन कुमार चौधरी ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि यह बाल श्रम कानून का उल्लंघन है और अधिकारियों द्वारा इस तरह की गतिविधियां शर्मनाक हैं।

बैठक में बीस सूत्री सदस्य प्रणवदेव आनंद, सत्येंद्र ठाकुर, कुशरेंद्र प्रसाद, देवरत्न सिंह, चंद्रमणि सिंह, सीओ सत्येंद्र कुमार, पीओ मनरेगा सैयद आमिर हुसैन, बीएओ महेश चौधरी, बीइओ पुष्पा कुमारी, चिकित्सा पदाधिकारी धनेश कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक पुष्पा कुमारी सहित अन्य अधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

बहरहाल, यह बैठक नगरनौसा प्रखंड में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और योजनाओं के कार्यान्वयन में व्याप्त खामियों को उजागर करने में महत्वपूर्ण रही। सदस्यों ने विभिन्न मुद्दों पर कड़ा रुख अपनाते हुए सुधार की मांग की। अब देखना यह है कि उठाए गए मुद्दों पर प्रशासन कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version