राजगीर जू सफारी में CM ने बर्ड एवियरी का किया भव्य लोकार्पण

CM inaugurated the bird aviary in Rajgir Zoo Safari

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM) ने आज नालंदा जिले के प्रसिद्ध राजगीर जू सफारी में नवनिर्मित बर्ड एवियरी का भव्य लोकार्पण किया। यह एवियरी पक्षियों के लिए अनुकूल वातावरण में तैयार की गई है। इससे उनके संरक्षण और पर्यटकों को पक्षी जीवन के बारे में जागरूक करने में मदद मिलेगी।

लोकार्पण के बाद मुख्यमंत्री ने एवियरी का गहन निरीक्षण किया। जहां उन्हें अधिकारियों द्वारा इसकी विशेषताओं की जानकारी दी गई। यह एक एकड़ में फैली एवियरी प्राकृतिक रूप से विकसित की गई है। इसमें कई देशी और विदेशी प्रजातियों के पक्षी रहेंगे। यहां की विशेष बनावट और हरित वातावरण पक्षियों को स्वतंत्र रूप से उड़ने और प्राकृतिक जीवन का अनुभव करने का अवसर देता है।

मुख्यमंत्री ने रंग-बिरंगे पक्षियों को देखकर खुशी जताई और कहा कि यह बिहार के लिए गर्व की बात है कि हमने एक ऐसा स्थान विकसित किया है, जहां पक्षी सुरक्षित और आनंदित महसूस कर सकें। यह न केवल पर्यावरण संरक्षण में मदद करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को पक्षियों के प्रति संवेदनशील बनाने में भी सहायक होगा।

बता दें कि राजगीर जू-सफारी को वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा ही उद्घाटित किया गया था और तब से यह देशभर के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। सफारी में बाघ, शेर, तेंदुआ, भालू और हिरण समेत पांच प्रमुख वन्य जीवों का संरक्षण किया जाता है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जू-सफारी स्थित वन्य जीव अस्पताल का भी दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वहां मौजूद जानवरों की चिकित्सा व्यवस्था की समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी जीवों की सेहत एवं उनके खानपान का विशेष ध्यान रखा जाए।

Exit mobile version