खेल-कूदनालंदाबिग ब्रेकिंगमीडियाराजगीर

एशिया हॉकी चैंपियन भारतीय टीम को लेकर CM की बड़ी घोषणा

राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार की धरती ने एक बार फिर इतिहास रचा है। राजगीर में आयोजित हीरो एशिया हॉकी चैंपियन कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। इस शानदार जीत ने न केवल देश का मान बढ़ाया, बल्कि बिहार को भी खेल के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई। इस उपलब्धि को सम्मानित करने के लिए बिहार सरकार ने विजेता भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपये और सहयोगी स्टाफ को 5 लाख रुपये की सम्मान राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस महत्वपूर्ण घोषणा को साझा किया है। उन्होंने कहा है कि राजगीर में पहली बार आयोजित हीरो एशिया कप 2025 में भारतीय हॉकी टीम ने विलक्षण जीत दर्ज कर पूरे देश को गौरवान्वित किया है। इस ऐतिहासिक जीत के लिए बिहार सरकार ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के उत्साहवर्धन के लिए सम्मान राशि देने का निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री ने आगे बताया है कि भारतीय हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 10 लाख रुपये और प्रत्येक सहयोगी स्टाफ को 5 लाख रुपये की सम्मान राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने भारतीय हॉकी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह जीत देश के लिए गर्व का क्षण है और बिहार सरकार इस उपलब्धि को पूरे सम्मान के साथ सेलिब्रेट कर रही है।

हीरो एशिया कप 2025 का आयोजन राजगीर में स्थित राज्य खेल अकादमी-सह-बिहार खेल विश्वविद्यालय के परिसर में किया गया। यह पहला अवसर था, जब बिहार ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी की। इस आयोजन ने न केवल बिहार के खेल ढांचे को मजबूत किया, बल्कि राजगीर को वैश्विक खेल मानचित्र पर एक नई पहचान दी।

भारतीय हॉकी टीम ने इस टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले में अपनी रणनीति, एकजुटता और जुझारूपन से सभी को प्रभावित किया। टीम की यह जीत न केवल खेल के क्षेत्र में एक मील का पत्थर है, बल्कि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

बिहार सरकार ने हाल के वर्षों में खेलों को प्रोत्साहन देने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। राजगीर में बिहार खेल विश्वविद्यालय की स्थापना और अत्याधुनिक खेल सुविधाओं का विकास इसका जीता-जागता उदाहरण है। हीरो एशिया कप जैसे बड़े आयोजनों की मेजबानी और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि प्रदान करना बिहार सरकार की खेलों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

इस पुरस्कार राशि की घोषणा से न केवल विजेता खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि यह बिहार के युवाओं को खेलों में करियर बनाने के लिए प्रेरित भी करेगा।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारतीय हॉकी टीम को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं है और उम्मीद जताई है कि यह टीम आगे भी ऐसे ही शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेगी। बिहार सरकार की इस पहल को खेल जगत में व्यापक सराहना मिल रही है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.