Home अपराध लाठी-डंडे से मारपीट कर बुजुर्ग की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

लाठी-डंडे से मारपीट कर बुजुर्ग की हत्या, जांच में जुटी पुलिस

Elderly man killed by beating with sticks, police investigating
Elderly man killed by beating with sticks, police investigating

हरनौत (नालंदा दर्पण)।  हरनौत थाना क्षेत्र अंतर्गत नियामतपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बुजुर्ग की हत्या लाठी-डंडे से पीट-पीटकर कर दी गई। मृतक की पहचान गांव निवासी राजदेव पासवान (62) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार घटना के दिन गांव में रहने वाले राजदेव पासवान को कुछ लोगों ने लाठी-डंडे से बुरी तरह पीट दिया। इसके बाद उन्हें गंभीर अवस्था में पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखकर रेफर कर दिया और उन्हें पटना ले जाने के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।

राजदेव पासवान अपनी पत्नी के साथ गांव में रहते थे। जबकि उनका बेटा दिल्ली में मजदूरी का काम करता है। घटना की सूचना मिलने पर बेटा दिल्ली से गांव वापस लौट रहा है।

हरनौत थानाध्यक्ष के अनुसार पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक बुजुर्ग व्यक्ति अपने घर के पास गिरे हुए हैं। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और बुजुर्ग को इलाज के लिए कल्याण विभाग रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखकर उन्हें पावापुरी मेडिकल कॉलेज भेजा गया और बाद में पीएमसीएच रेफर किया गया। जहां जाने के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं पर गौर कर रही है।

इस घटना ने गांव में दहशत का माहौल बना दिया है और स्थानीय लोग भी इस हत्या की वजह जानने के लिए चिंतित हैं। पुलिस ने इस गंभीर मामले की पूरी तरह से जांच करने का आश्वासन दिया है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version