राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के ऐतिहासिक शहर राजगीर में प्रस्तावित हवाई अड्डा को लेकर विवाद तेज हो गया है। राजगीर प्रखंड के मेयार क्षेत्र में सैकड़ों किसानों ने प्रभातफेरी निकालकर इस परियोजना के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि हवाई अड्डे के नाम पर सरकार आर्द्र भूमि का अधिग्रहण करने की साजिश रच रही है। जिससे पर्यावरण और स्थानीय जीवन प्रभावित होगा।
प्रदर्शनकारी किसानों और मजदूरों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि वे अपने पूर्वजों की विरासत और राजगीर की ऐतिहासिक धरोहरों की रक्षा के लिए संघर्ष करेंगे। उन्होंने सरकार से मांग की कि हवाई अड्डे का निर्माण राजगीर से कम से कम 15-20 किलोमीटर दूर किया जाए। ताकि इससे होने वाले संभावित दुष्प्रभावों से बचा जा सके।
राजगीर में जरासंध का अखाड़ा, नौलखा मंदिर, गर्म जल का झरना, नालंदा विश्वविद्यालय, आरक्षी प्रशिक्षण केंद्र, स्टेडियम और फिल्म सिटी जैसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरें स्थित हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि इन स्थलों पर पहले से ही पर्यावरणीय दबाव है और हवाई अड्डा बनने से कार्बन उत्सर्जन और मानवीय हस्तक्षेप और बढ़ जाएगा।
वन विभाग के अधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे नालंदा के बुद्धकालीन तालाबों और जलाशयों का संरक्षण करें तथा आर्द्र भूमि की रक्षा के साथ पशु-पक्षियों के मुक्त विचरण को सुनिश्चित करें। नवादा के वन अधिकारियों को भी घोड़ाकटोरा और राजगीर के आसपास की आर्द्र भूमि के संरक्षण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह कार्य भारत सरकार की वन संरक्षण नीति और सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के तहत किया जा रहा है।
हालांकि, प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के एक स्थानीय मंत्री पर आरोप लगाया कि वे नियम-कानूनों को ताक पर रखकर आर्द्र भूमि को उजाड़ने पर आमादा हैं। किसानों का कहना है कि मंत्री अपने निजी स्वार्थ के कारण इस परियोजना को आगे बढ़ा रहे हैं। जबकि इससे स्थानीय पारिस्थितिकी और आजीविका को भारी नुकसान हो सकता है।
किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना किया तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। इस मुद्दे पर सरकार या प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। जबकि स्थानीय स्तर पर विरोध बढ़ता जा रहा है।
- पेपर लीक कांड का मास्टरमाइंड संजीव मुखिया EOU के लिए बना सिरदर्द
- PDS डीलरों की हड़ताल से गड़बड़ाई व्यवस्था, उपभोक्ताओं में उभरी भूखमरी
- चंडी नगर पंचायत की सामान्य बोर्ड बैठक में कई अहम प्रस्ताव पारित
- मोकामा-मुंगेर ग्रीनफील्ड फोरलेन मंजूर, इन 3 जिलों के 89 गांवों से गुजरेगी यह सड़क
- बिटकॉइन माइनिंग और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा दो दोस्तों की हत्या का सनसनीखेज मामला
