Home चंडी करौटा-राजगीर मुख्य मार्ग पर नगरनौसा के बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

करौटा-राजगीर मुख्य मार्ग पर नगरनौसा के बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

fatal-road-accident-shalepur-mor-chandi-nalanda

चंडी (नालंदा दर्पण)। चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत करौटा-राजगीर मुख्य मार्ग पर स्थित सालेपुर मोड़ के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के बलधा गांव निवासी स्कंदा प्रसाद के 32 वर्षीय पुत्र राजीव कुमार के रूप में की गई है।

प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार राजीव कुमार रोज़ की तरह सुबह मजदूरी के लिए चंडी होते हुए बिहारशरीफ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे सालेपुर मोड़ के समीप पहुंचे, तभी तेज रफ्तार किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजीव कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

घटना की सूचना मिलते ही चंडी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की।

फिलहाल अज्ञात वाहन की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।

इधर, राजीव कुमार की मौत की खबर मिलते ही उनके घर में कोहराम मच गया। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और सड़क पर बढ़ते हादसों पर अंकुश लगाने की मांग की है।

यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और अज्ञात वाहनों की लापरवाही पर सवाल खड़े करता है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को हादसे से संबंधित कोई जानकारी मिले तो वे आगे आकर सहयोग करें। ताकि दोषी वाहन चालक की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

चंडी से नालंदा दर्पण के लिए चितरंजन की रिपोर्ट

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version