प्रेम प्रसंग में युवक की हत्या मामले में 4 आरोपी धराए, 5वां फरार

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। खुदागंज थाना क्षेत्र के बरदाहा गांव में प्रेम प्रसंग मामले में एक 24 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 48 घंटे के भीतर इस जघन्य कांड का खुलासा कर चार आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया। एक आरोपी अब भी फरार है। जिसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।

हिलसा डीएसपी-2 कुमार ऋषिराज ने बताया कि 17 नवंबर 2025 की सुबह करीब 7:30 बजे बरदाहा निवासी टेनी महतो के धान के खेत में एक युवक का शव मिला। पहचान 24 वर्षीय ईशु कुमार के रूप में हुई।

शिकायत दर्ज कराने वाली मृतक की मां मालर देवी के अनुसार 16 नवंबर की रात करीब 9 बजे ईशु घर लौटा था। भूख लगने पर भोजन देने को कहा तो उसने मना कर दिया। मालर देवी के अनुसार उसके चेहरे पर गहरा भय साफ झलक रहा था।

इसी दौरान गांव के पाँच लोग विजय विंद (50), पंजाबी मांझी (45), तमिल उर्फ अजित उर्फ लड्डू (23), नीतीश कुमार (20) और सूरज कुमार (25) घर के बाहर जमा हो गए। इन लोगों ने ईशु पर एक 20 वर्षीय युवती के साथ नाजायज संबंध का झूठा आरोप लगाते हुए धमकी दी कि जान से मार देंगे।

अगली सुबह ग्रामीणों की चीख-पुकार के बीच खबर आई कि खंदा में एक युवक का शव पड़ा है। वहां पहुंचकर मालर देवी बदहवास हो गईं। धान के खेत में उनका बेटा मृत पड़ा था। उन्होंने पुलिस को बताया कि यही पांचों लोग ईशु को घर से जबरन उठा ले गए और झूठे आरोप लगाकर उसकी हत्या कर दी।

खुदागंज थाना अध्यक्ष पुअनि दुर्गेश कुमार गहलोत के नेतृत्व में छापामारी शुरू हुई। मामला कांड संख्या 172/25, दिनांक 17.11.2025, धारा 103(1)/238/3(5) BNS 2023 में दर्ज किया गया।

तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर पुलिस ने 48 घंटे के भीतर चार आरोपियों पंजाबी मांझी, तमिल उर्फ अजित मांझी उर्फ लड्डू कुमार, सूरज कुमार और नीतीश कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पांचवां आरोपी विजय विंद फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने ईशु को धमकाने के बाद खेत की ओर ले जाकर निर्ममता से उसकी हत्या कर दी। छापामारी दल में इस्लामपुर अंचल के पुनि जितेंद्र राम, थानाध्यक्ष दुर्गेश गहलोत और सशस्त्र बलों की टीम शामिल थी।

घटना के बाद गांव में दहशत और तनाव का माहौल है, जबकि मां मालर देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार