बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। रंगों और सौहार्द का पर्व होली इस बार बिहारशरीफ में तनाव और हिंसा की वजह बन गया। लहेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची रोड स्थित एक निजी क्लिनिक में होली ‘नेक’ (पारंपरिक होली उपहार) को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में तब्दील हो गया।
इस घटना में अस्पतालकर्मियों और किन्नरों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें दोनों पक्षों के कुल आठ लोग घायल हो गए। घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल कायम हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार होली के दिन किन्नरों का एक समूह पारंपरिक रूप से ‘नेक’ मांगने रांची रोड स्थित उक्त निजी क्लिनिक पहुंचा था। प्रारंभिक बातचीत के दौरान डॉक्टर और किन्नरों के बीच तय राशि को लेकर मतभेद उत्पन्न हो गया। बताया जा रहा है कि अपेक्षित रकम नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ी और बात कहासुनी से आगे निकलते हुए हाथापाई तक पहुंच गई।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और क्लिनिक परिसर रणक्षेत्र में बदल गया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर अस्पतालकर्मी डंडों से मारपीट करते नजर आ रहे हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा अभी नहीं की गई है।
वहीं दूसरी ओर अस्पताल प्रबंधन और कर्मियों का दावा है कि किन्नरों के समूह ने पहले क्लिनिक में हंगामा किया, मरीजों को डराया और वहां रखे एक प्रिंटर समेत कुछ सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उनका कहना है कि इसी दौरान स्थिति बेकाबू हो गई और झड़प हो गई।
किन्नरों ने इसके उलट गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि क्लिनिक स्टाफ और कुछ स्थानीय लोगों ने उन्हें सड़क तक दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। उनके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। किन्नरों का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद उन्हें कुछ समय तक क्लिनिक के अंदर ही रोके रखा गया, जिसे वे बंधक बनाए जाने जैसा बता रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही लहेरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। सभी घायलों को मुक्त कराकर इलाज के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों पक्षों से अलग-अलग शिकायतें प्राप्त हुई हैं और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है, लेकिन घटना को लेकर शहर में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।
होली जैसे सामाजिक सौहार्द के पर्व पर हुई इस हिंसक घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह तय हो पाएगा कि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी और किस पक्ष की कितनी भूमिका रही।
समाचार स्रोत: नालंदा दर्पण डेस्क के लिए बिहारशरीफ से तालिब की रिपोर्ट