सिलाव बाजार में होटल मालिक ने कर्मी को पी-पीटकर मार डाला

राजगीर (नालंदा दर्पण)। सिलाव बाजार में पानी भरने को लेकर हुए मामूली विवाद ने एक गरीब मजदूर की जान ले ली। आरोप है कि होटल मालिक ने अपने ही यहां काम करने वाले कर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतक की पहचान परवलपुर थाना क्षेत्र के बदौनी गांव निवासी स्वर्गीय उदल राम के 40 वर्षीय पुत्र बिंदु प्रसाद के रूप में हुई है। बिंदु प्रसाद पिछले करीब डेढ़-दो वर्षों से सिलाव बाइपास स्थित एक मिठाई दुकान ‘हीरा मिष्टान भंडार’ में प्लेट धोने का काम करता था और इसी कमाई से अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
मृतक के भाई राजेश कुमार ने बताया कि बीते 7 फरवरी की शाम दुकान के मालिक ने बिंदु प्रसाद को पानी भरने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि कहासुनी के बाद मालिक ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
उसके बाद गंभीर रूप से घायल बिंदु को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे विम्स रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का आरोप है कि अगर समय रहते उचित इलाज मिलता तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी। वहीं घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और बच्चों को छोड़ गया है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में सिलाव थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, लेकिन अभी तक पीड़ित परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मॉडल सदर अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
समाचार स्रोत: मुकेश भारतीय / मीडिया रिपोर्ट्स





