नूरसराय में बुजुर्ग को गोली मार भाग रहे बदमाश भिड़ा दुकानदार, वह भी बना शिकार

नूरसराय (विवेक सोनी)। नूरसराय थाना क्षेत्र के हिलसा मार्ग पर बदमाशों ने दिनदहाड़े गोलीबारी कर इलाके में सनसनी फैला दी। जीतू इंजीनियरिंग वर्क्स नामक दुकान के समीप बैठे 78 वर्षीय बुजुर्ग सुरेंद्र प्रसाद सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। वारदात के बाद जब बदमाश भागने लगे तो बहादुर दुकानदार जीतू कुमार ने एक हमलावर को दबोच लिया।

पटका-पटकी के बीच दुकानदार को भी मारी गोलीः बदमाश और दुकानदार के बीच जोरदार संघर्ष हुआ। इस दौरान बदमाश का सहयोगी मौके पर आया और जीतू को गोली मारकर अपने साथी को छुड़ा लिया। हालांकि गोली दुकानदार को मामूली रूप से घायल कर निकल गई। इसके बाद दोनों बदमाश फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए।

बुजुर्ग की हालत नाजुक, पुलिस जांच में जुटीः  बुजुर्ग सुरेंद्र प्रसाद सिंह को गोली उनके बाएं बांह के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया। जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर एक खोखा बरामद किया और बदमाश का छूटा हुआ हथियार कब्जे में ले लिया।

सीसीटीवी फुटेज की हो रही जांच, भूमि विवाद की आशंकाः घटना के पीछे के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा हो सकता है। सुरेंद्र प्रसाद सिंह के कोई संतान नहीं है, जिससे संपत्ति को लेकर विवाद की चर्चा तेज है। पुलिस बदमाशों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। वहीं, मौके पर एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है।

इलाके में दहशत, पुलिस सुरक्षा बढ़ाई गईः दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है और बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार