Khelo India Youth Games 2025: भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का होगा आयोजन

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। बिहार खेल प्रेमियों के लिए एक बड़े उत्सव की तैयारी (Khelo India Youth Games 2025) में है। आगामी 4 से 15 मई 2025 तक राज्य में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के सातवें संस्करण का आयोजन होने जा रहा है। इस राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन की शुरुआत से पहले 14 अप्रैल को पटना में दो भव्य समारोहों के साथ गेम्स के प्रतीक, शुभंकर, एंथम और जर्सी का अनावरण किया जाएगा।
14 अप्रैल की सुबह 10 बजे मुख्यमंत्री सचिवालय स्थित संवाद भवन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 के प्रतीक और शुभंकर का अनावरण करेंगे। यह समारोह गेम्स की शुरुआत का औपचारिक शुभारंभ होगा। जिसमें राज्य सरकार के कई वरिष्ठ अधिकारी और खेल प्रशासक मौजूद रहेंगे।
इसी दिन शाम 6 बजे पटना के ज्ञान भवन में एक भव्य समारोह में गेम्स के आधिकारिक एंथम और जर्सी का अनावरण होगा। इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है, जो बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा। कार्यक्रम में खेल जगत की कई जानी मानी हस्तियां शामिल होंगी।
मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार व युवा मामले और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथियों में केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे, बिहार के उपमुख्यमंत्रियों सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा शामिल होंगे। समारोह की अध्यक्षता बिहार के खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता करेंगे।
बता दें कि खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 का आयोजन बिहार के पांच जिलों- पटना, राजगीर (नालंदा), गया, भागलपुर और बेगूसराय में होगा। इन जिलों में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। विशेष रूप से बेगूसराय और भागलपुर में फुटबॉल और बैडमिंटन की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन के लिए सभी स्टेडियमों को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। इनमें आधुनिक सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों के लिए बेहतर इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं।
यह आयोजन बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस आयोजन से न केवल स्थानीय खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा, बल्कि बिहार में खेल के प्रति रुचि और जागरूकता भी बढ़ेगी। राज्य सरकार और खेल मंत्रालय ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स के आयोजन की घोषणा के बाद से ही बिहार के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। यह आयोजन न केवल खेल के क्षेत्र में बिहार की पहचान को मजबूत करेगा, बल्कि पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा देगा। बिहार के युवा खिलाड़ी इस मंच का उपयोग कर अपनी प्रतिभा को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए उत्सुक हैं।
- Khelo India Youth Games: पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन, राजगीर में तैयारी तेज
- IPL Big Scam: संभलकर करें आईपीएल ऑनलाइन टिकट बुकिंग
- बिहार खेल विश्वविद्यालय का शैक्षणिक सत्र जुलाई से 3 पाठ्यक्रमों के साथ शुरु होगा
- राजगीर में पुरुष हॉकी प्रतियोगिता की मंजूरी, ₹24 करोड़ स्वीकृत
- Khelo India Youth Games: राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होगा उम्मीदों का नया संगम
[web_stories title=”true” excerpt=”false” author=”true” date=”false” archive_link=”true” archive_link_label=”” circle_size=”150″ sharp_corners=”false” image_alignment=”left” number_of_columns=”1″ number_of_stories=”4″ order=”DESC” orderby=”post_date” view=”carousel” /]





