Home अपराध जमीन विवाद ने ली सेवानिवृत्त अफसर की जान, फंदे से लटका मिला...

जमीन विवाद ने ली सेवानिवृत्त अफसर की जान, फंदे से लटका मिला शव

Land dispute took the life of a retired officer, body found hanging from a noose
Land dispute took the life of a retired officer, body found hanging from a noose

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण) अस्थावां थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमरावां गांव में एक दुखद और रहस्यमयी घटना ने ग्रामीणों को स्तब्ध कर दिया है। एक 75 वर्षीय सेवानिवृत्त अफसर रामाश्रय शर्मा का शव उनके घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। पुलिस ने इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला माना है। लेकिन परिस्थितियों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बीती देर रात रामाश्रय शर्मा का शव उनके घर में रस्सी के सहारे लटकता हुआ बरामद किया गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अस्थावां थाना को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया। साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया है, जो घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत एकत्र कर रही है।

जानकारी के अनुसार रामाश्रय शर्मा का अपने पड़ोसी के साथ पिछले आठ वर्षों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस विवाद की जड़ में पड़ोसी द्वारा रामाश्रय की 7 से 8 फीट जमीन पर अवैध निर्माण करना था, जो हाल ही में हुई नापी में सामने आया।

मंगलवार को इस मामले में नापी के बाद यह निर्णय लिया गया कि विवादित जमीन के बदले रामाश्रय को दूसरी ओर जमीन दी जाएगी। बताया जाता है कि इस फैसले से वह संतुष्ट नहीं थे। परिजनों और ग्रामीणों का मानना है कि इस मानसिक तनाव के कारण ही उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया होगा।

बता दें कि रामाश्रय शर्मा वर्ष 2012 में झारखंड के धनबाद में खनिज विकास पदाधिकारी के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। इसके बाद से वह अपनी पत्नी के साथ डुमरावां गांव में रह रहे थे। उनके तीन बेटे बैंकिंग क्षेत्र में कार्यरत हैं और वर्तमान में बाहर रहते हैं। ग्रामीण उन्हें एक शांत स्वभाव और सम्मानित व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं। उनकी मृत्यु ने पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ा दी है।

अस्थावां थानाध्यक्ष लालमुनी दुबे ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि हम सभी पहलुओं की जांच कर रहे हैं। एफएसएल की रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त होती है, तो उस आधार पर भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

बहरहाल, इस घटना ने डुमरावां गांव में कई तरह की चर्चाओं को जन्म दिया है। कुछ लोग इसे जमीन विवाद के कारण उत्पन्न तनाव का परिणाम मान रहे हैं। जबकि कुछ इसे संदिग्ध मानकर अन्य संभावनाओं की जांच की मांग कर रहे हैं। पड़ोसियों का कहना है कि रामाश्रय शर्मा पिछले कुछ समय से तनावग्रस्त और चुपचाप रहने लगे थे, जिसे लोग उनकी उम्र और स्वास्थ्य से जोड़कर देख रहे थे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version