Home बिंद ब्लू डार्ट पार्सल सेवा की आड़ में शराब तस्करी, 2709 लीटर व्हिस्की...

ब्लू डार्ट पार्सल सेवा की आड़ में शराब तस्करी, 2709 लीटर व्हिस्की जब्त, दो गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण डेस्क)। बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद शराब माफिया नए-नए हथकंडे अपनाकर अवैध कारोबार चला रहे हैं। ताजा मामला नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां पुलिस ने डाक पार्सल सेवा की आड़ में चल रही शराब तस्करी की बड़ी खेप को पकड़ लिया।Liquor smuggling under the guise of Blue Dart parcel service 2709 liters of whiskey seized two arrested 1

प्रसिद्ध कूरियर कंपनी ब्लू डार्ट का लोगो लगी पिकअप वैन से 2709 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने वाहन चालक और उपचालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई बेनार-सकसोहरा मुख्य मार्ग पर भट्ठा के समीप की गई।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह को उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग से गुप्त सूचना मिली थी कि शेखपुरा होते हुए एक ब्लू डार्ट लिखी पिकअप वैन भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर बिंद की तरफ आ रही है। यह खेप मूल रूप से झारखंड के धनबाद से चलकर पटना के जीरो माइल क्षेत्र में पहुंचने वाली थी।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने तुरंत विशेष टीम गठित कर वाहन जांच अभियान शुरू किया। रात करीब 11 बजे बेनार मोड़ की ओर से आ रही संदिग्ध पिकअप (नंबर अभी गोपनीय) को रोका गया। वाहन पर बड़े-बड़े अक्षरों में Blue Dart Parcel Service लिखा हुआ था, जिससे आम राहगीर को लगे कि यह सामान्य डाक पार्सल की गाड़ी है।

लेकिन जब पुलिस ने सघन तलाशी ली तो दांतो तले उंगली दबा ली। पिकअप के अंदर प्लास्टिक और कार्टून में छिपाकर रखी गईं 301 पेटियां बरामद हुईं। हर पेटी में 12 बोतलें थीं। कुल मिलाकर 3612 बोतलें Made in Arunachal Pradesh  999 Gold Premium Whisky 750 ml की जब्त की गईं, जिनका कुल आयतन 2709 लीटर आंका गया। बाजार में इस शराब की कीमत करीब 1.30 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

पुलिस ने वाहन चालक बिट्टू कुमार (उम्र लगभग 32 वर्ष, निवासी धनबाद, झारखंड) और उपचालक मोहम्मद फिरोज (उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी गिरिडीह, झारखंड) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब माफिया ने जानबूझकर ब्लू डार्ट का लोगो और यूनिफॉर्म का इस्तेमाल किया था। ताकि सात थाना क्षेत्रों (शेखपुरा से बिंद तक) की पुलिस को चकमा दिया जा सके। लेकिन बिंद थाना की मुस्तैदी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार सिंह ने नालंदा दर्पण को बताया कि यह शराब तस्करों का नया तरीका है। डाक पार्सल की गाड़ी दिखाकर कोई शक नहीं करता। लेकिन उत्पाद विभाग की सूचना पर हमने पूरी रात नाका लगाया और सफलता हासिल की।

पूछताछ में कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस ने वाहन, शराब और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version