
हिलसा (नालंदा दर्पण)। हिलसा पुलिस अनुमंडल अंतर्गत थरथरी थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी के महज 9 महीने बाद एक बेटी की लाश ससुराल के भीतर जली अवस्था में मिली और कहानी सुनाई गई करंट लगने की। लेकिन जले हुए शरीर पर बचे सच के निशान कुछ और ही कहानी कहते नजर आ रहे हैं।
थरथरी थाना क्षेत्र के मेहतरामा गांव में 20 वर्षीय स्तुति कुमारी की मौत अब सिर्फ एक हादसा नहीं, बल्कि हत्या या हादसा के बीच उलझा गंभीर सवाल बन चुकी है।
फोन पर करंट की सूचना, वीडियो कॉल से इनकार ने बढ़ाया शक
दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तुंगी गांव निवासी मृतका के पिता सतीश कुमार ने बताया कि घटना की सूचना उन्हें ससुराल पक्ष से फोन पर दी गई। लड़के के दादाजी द्वारका प्रसाद ने फोन कर कहा कि बेटी को करंट लग गया है। मैंने वीडियो कॉल पर बेटी को देखने की बात कही, लेकिन साफ मना कर दिया गया। उसी पल मुझे लगा कि कुछ बहुत गलत है।
पिता के अनुसार फोन पर बात करते समय ससुराल वालों का लहजा अचानक बदल गया, जिससे उनका संदेह और गहरा हो गया।
शव ने खोले राज: जला शरीर, बाहर निकली जीभ और सुरक्षित कमरा
जब पिता मौके पर पहुंचे और बेटी का शव देखा तो करंट की कहानी जमीन पर गिर पड़ी। शव पूरी तरह जला हुआ था, लेकिन कमरे का कोई सामान नहीं जला। पिता का दावा है कि स्तुति की जीभ बाहर निकली हुई थी, जो गला दबाए जाने का संकेत हो सकता है।
पिता ने रोते हुए कहा कि अगर करंट से मौत होती तो जलने का पैटर्न अलग होता। यहां तो बेटी को जलाकर मारने की कोशिश साफ दिख रही है।
शांत स्वभाव की बेटी, जिसने कभी शिकायत नहीं की
परिवार का कहना है कि स्तुति बेहद शांत स्वभाव की थी। वह घर की बातें बाहर नहीं करती थी और शादी के बाद भी कभी किसी तरह की प्रताड़ना की शिकायत नहीं की।
अधिकतर वह अपनी मां या बहन से ही बात करती थी। परिवार यह भी आरोप लगा रहा है कि शादी से पहले लड़के की पारिवारिक स्थिति को लेकर गलत जानकारी दी गई थी।

ससुराल पक्ष फरार, एफएसएल टीम जुटी जांच में
घटना की सूचना मिलते ही थरथरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ससुराल के सभी लोग घर छोड़कर फरार हो चुके थे।
हिलसा डीएसपी-1 शैलजा ने बताया कि परिवार ने जलाकर हत्या का आरोप लगाया है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। हर एंगल से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो सकेगी।
सवाल जो अब भी जल रहे हैं…
अगर करंट से मौत हुई, तो कमरे का सामान क्यों सुरक्षित रहा? वीडियो कॉल दिखाने से क्यों इनकार किया गया? ससुराल के सभी लोग अचानक फरार क्यों हो गए? क्या यह दहेज या घरेलू हिंसा से जुड़ा मामला है? इन सवालों के जवाब अब पुलिस जांच और रिपोर्ट पर टिकी हैं।
बिहारशरीफ से नालंदा दर्पण के लिए प्रभात सोनी की रिपोर्ट





