खेल-कूदनालंदाप्रशासनबिग ब्रेकिंगराजगीर

Men’s Hockey Asia Cup 2025: तैयार हो रहा राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

राजगीर (नालंदा दर्पण)। Men’s Hockey Asia Cup 2025: आज नालंदा जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक भारत सोनी की संयुक्त अध्यक्षता में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राजगीर में अगस्त 2025 में प्रस्तावित पुरुष हॉकी एशिया कप के सफल आयोजन के लिए एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में विभिन्न कोषांगों के पदाधिकारियों के साथ तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। ताकि इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को भव्य और सुचारु रूप से संपन्न किया जा सके।

जिलाधिकारी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि अगस्त माह में बरसात के मौसम को देखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करना अनिवार्य है। उन्होंने आयोजन से संबंधित विभिन्न पहलुओं जैसे साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन, विधि-व्यवस्था, आवास, शौचालय, पेयजल, हेल्पडेस्क, सुरक्षा व्यवस्था, ब्रांडिंग, प्रचार-प्रसार, भीड़ नियंत्रण, परिवहन, यातायात, चिकित्सा सुविधा, ड्रोन से दवा छिड़काव, फूड पार्क, नियंत्रण कक्ष, पहचान पत्र, आमंत्रण पत्र, उद्घाटन और समापन समारोह आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विशेष रूप से सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि खिलाड़ियों की सुविधा के लिए स्पोर्ट्स इंजूरी से संबंधित चिकित्सा व्यवस्था हर हाल में उपलब्ध हो। साथ ही सभी मेडिकल उपकरण हमेशा कार्यरत स्थिति में रखे जाएं। कार्यपालक अभियंता, विद्युत विभाग को बारिश के दौरान बिजली से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुदृढ़ व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने अपने संबोधन में सुरक्षा और विधि-व्यवस्था पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन के दौरान पुलिस और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, वॉच टावर, बाउंड्री वॉल की मरम्मत, सीसीटीवी कैमरे, कम्युनिकेशन प्लान, ट्रैफिक डायवर्जन, भीड़ नियंत्रण, मोबाइल पेट्रोलिंग, खिलाड़ियों की सुरक्षा, लाइटिंग, महिलाओं के लिए विशेष सुरक्षा, रात्रि प्रकाश व्यवस्था, प्रवेश और निकास द्वार पर सुरक्षा, आवारा पशुओं पर नियंत्रण, पार्किंग और अग्निशमन दस्ते की व्यवस्था समय पर पूर्ण की जाए।

बैठक के बाद जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स राजगीर में बने हॉकी मैदान का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान की स्थिति, सुविधाओं और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर नगर आयुक्त, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा), अनुमंडल पदाधिकारी राजगीर, विशेष कार्य पदाधिकारी (गोपनीय शाखा), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष और संबंधित कोषांगों के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

पुरुष हॉकी एशिया कप 2025 का आयोजन नालंदा जिले के लिए एक गौरवपूर्ण अवसर है। यह न केवल खेल प्रेमियों के लिए उत्साह का विषय है, बल्कि राजगीर को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने का एक अनूठा मौका भी है।

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.