मुंशी लूटकांड का खुलासाः सामान बरामद, 5 अपराधी गिरफ्तार

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा पुलिस ने नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर पुल के पास हुए सनसनीखेज मुंशी लूटकांड का खुलासा करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना में अपराधियों ने एक गल्ला व्यवसाय के मुंशी से 3,32,640 रुपये की लूट को अंजाम दिया था। पुलिस ने लूटी गई रकम में से 1,48,940 रुपये और घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलों को बरामद किया है।
बता दें कि बीते 26 जून की सुबह करीब 08:00 बजे परवलपुर से बिहारशरीफ जा रहे संजय कुमार (59 वर्ष, पिता स्व. श्याम सुंदर राम, निवासी परवलपुर, जिला नालंदा) के साथ यह घटना घटी। नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर पुल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर और मारपीट कर संजय कुमार की मोटरसाइकिल की डिक्की से 3,32,640 रुपये लूट लिए। इस संबंध में नूरसराय थाना में कांड संख्या 366/25, दिनांक 26/06/2025, धारा 309(6) भारतीय न्याय संहिता के तहत अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए नालंदा के पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 संजय कुमार जयसवाल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की। इस टीम ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर त्वरित कार्रवाई शुरू की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने अपराधियों के भागने की दिशा का पीछा करते हुए दो अपराधियों ललेश कुमार उर्फ लल्ले और रोहित कुमार को बाढ़ थाना क्षेत्र के रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में प्रयुक्त केटीएम ड्यूक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर BR21AH5370) बरामद हुई।
पूछताछ के दौरान ललेश और रोहित ने अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों रविरंजन, साहेब कुमार और कैला उर्फ गौरव के नाम उजागर किए। उन्होंने बताया कि लूटी गई रकम को आपस में बांट लिया गया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए शेष तीनों अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में रविरंजन (22 वर्ष, पिता संजय प्रसाद, नवीनगर, थाना दीपनगर, नालंदा), साहेब कुमार (22 वर्ष, पिता मदन प्रसाद, नवीनगर, थाना दीपनगर, नालंदा), ललेश कुमार उर्फ लल्ले (24 वर्ष, पिता भीषम यादव, गोलापुर, थाना दीपनगर, नालंदा), रोहित कुमार (20 वर्ष, पिता किशोरी यादव, गोलापुर, थाना दीपनगर, नालंदा), कैला उर्फ गौरव (पिता योगेंद्र प्रसाद, तकियापर, थाना दीपनगर, नालंदा) शामिल हैं। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
इस ऑपरेशन में शामिल विशेष टीम में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-2 संजय कुमार जयसवाल, पुलिस निरीक्षक रामशंकर सिंह, थानाध्यक्ष नूरसराय पुअनि रजनीश कुमार, थानाध्यक्ष परवलपुर पुअनि संजीव कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस कर्मी शामिल थे।





