जदयू का गढ्ढा भरने नगरनौसा पहुंचे नड्डा, तेजस्वी पर बोला हमला

नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। बिहार विधानसभा चुनाव में नालंदा जिले की सभी सीटों पर कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। एनडीए के प्रमुख घटक दल जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सीटों को बचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूरी तरह अलर्ट मोड में है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बाद अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बड़गांव सूर्य मंदिर को नमन करके नगरनौसा में चुनावी सभा की।

हरनौत विधानसभा क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी हरिनारायण सिंह के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में नड्डा ने विपक्ष खासकर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) और उसके नेता तेजस्वी यादव पर जमकर हमला बोला और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में 14 नवंबर को बिहार में एनडीए एक बार फिर प्रचंड बहुमत से विजयी होगी।

उन्होंने चुनाव को स्पष्ट रूप से ‘एनडीए के विकास बनाम महागठबंधन के विनाश’ के बीच का मुकाबला बताया। लालू प्रसाद यादव पर निशाना साधते हुए नड्डा ने कहा कि लालू जी ‘तेल पिलावन, लठिया भजावन’ वाली रैलियों के जमाने में बिहार को फिर से जंगलराज की ओर धकेलना चाहते हैं। बिहार की जनता यह भूल नहीं सकती कि जंगलराज में क्या-क्या हुआ था।

नड्डा ने महागठबंधन के चुनाव पूर्व घोषित मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव को सीधे निशाने पर लिया और कहा कि तेजस्वी यादव वोट लेने के लिए कह रहे हैं कि हर परिवार को नौकरी देंगे। लेकिन जो खुद नौंवी पास हैं, वे क्या नौकरी दे पाएंगे? उनकी पार्टी के लोग तो नौकरी के नाम पर जमीन हड़प लेते हैं। क्या ऐसे लोग सच में नौकरियां दे पाएंगे?

उन्होंने जंगलराज के काले दिनों को याद दिलाते हुए कहा कि बिहार की जनता भूली नहीं है। जंगलराज में एक आईएएस अधिकारी की धर्मपत्नी के साथ व्यभिचार हुआ था। दिनदहाड़े सड़क पर एक डीएम की जान ले ली गई थी। क्या बिहार फिर ऐसे दौर में लौटना चाहता है?

नड्डा ने जोर देकर कहा कि यह चुनाव एनडीए के विकास मॉडल और महागठबंधन के विनाशकारी एजेंडे के बीच है। तेजस्वी यादव को महागठबंधन का नेता घोषित करने पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार में बिहार का सिर्फ विनाश हुआ है। एनडीए की सरकार विकास की गारंटी है। शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देने का जिक्र कर कहा कि राजद दुबारा गुंडाराज लाने के लिए लालायित है।

नड्डा ने एनडीए सरकार की योजनाओं को जनता के सामने रखते हुए विकास का ब्लूप्रिंट पेश किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए ‘महिला रोजगार योजना’ के तहत 2 लाख 10 हजार महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। केंद्र की पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत बिहार में 8 करोड़ 70 लाख लोगों को मुफ्त राशन मिल रहा है। देशभर में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ चुके हैं।

उन्होंने उज्ज्वला योजना, उजाला योजना और आयुष्मान भारत का जिक्र कर कहा कि ये योजनाएं जनता को सीधा लाभ पहुंचा रही हैं। बिहार में लाखों लोग आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज पा रहे हैं। मोदी-नीतीश की जोड़ी ने बिहार को विकास की मुख्यधारा में ला खड़ा किया है।

बता दें कि नालंदा जिला एनडीए के लिए अहम है, जहां जदयू की कई सीटें दांव पर हैं। हरनौत सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों में महागठबंधन ने कड़ी चुनौती पेश की है। अमित शाह के दौरे के बाद नड्डा का आगमन भाजपा की रणनीति का हिस्सा है। चुनावी माहौल गर्म है और नड्डा का यह दौरा एनडीए के लिए कितना संजीवनी साबित होगा, यह तो 14 नवंबर को ही तय हो पाएगा?

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार