डायट नुरसराय में 475 शिक्षकों का पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण संपन्न, हरियालि के साथ विदाई

बिहार शरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले के डायट नुरसराय में आयोजित 475 शिक्षक-शिक्षिकाओं के पांच दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हो गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता को सुदृढ़ करना तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देना था।
जिले के अलग-अलग केंद्रों पर संचालित इस प्रशिक्षण के अंतर्गत डायट नुरसराय में कुल 140 शिक्षक-शिक्षिकाओं को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया। समापन समारोह के दौरान प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए और प्रशिक्षण के अनुभव साझा किए गए।
समारोह को खास बनाने के लिए हरियाली मिशन नालंदा के राजीव रंजन भारती एवं उनकी टीम ने सभी शिक्षकों को फलदार वृक्षों के पौधे भेंट किए। यह पहल शिक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने की दिशा में सराहनीय कदम माना गया।
प्रमाण पत्र वितरण के दौरान डायट नुरसराय के प्राचार्य डॉ. सरफराज आलम ने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों की शैक्षणिक क्षमता को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि जब शिक्षक नवीन पद्धतियों और नवाचारों को अपनाते हैं तो इसका सीधा लाभ बच्चों के सर्वांगीण विकास पर पड़ता है।
प्रशिक्षण प्रभारी शशि भूषण आनंद ने बताया कि यह पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए अत्यंत उपयोगी साबित हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशिक्षित शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में सीखी गई नई तकनीकों और शिक्षण विधियों को धरातल पर उतारेंगे, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर डॉ. पुष्कर कुमार, मोहम्मद महफुज आलम, अर्चना नाथ, संगम भारती तथा एनसीआरटी के साकेत कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह में यह संकल्प लिया गया कि प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान और अनुभव को विद्यालय स्तर पर लागू कर बच्चों के लिए बेहतर और प्रेरक शैक्षिक वातावरण तैयार किया जाएगा।
समाचार स्रोत: कतरीसराय मीडिया रिपोर्ट्स





