नालंदा DM ने भू-अर्जन कार्यों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि भू-अर्जन के कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं नालंदा जिले के विकास की रीढ़ साबित होंगी।
बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं को गति देने के उद्देश्य से आज जिला पदाधिकारी श्री कुंदन कुमार की अध्यक्षता में जिला भू-अर्जन शाखा से संबंधित कार्यों की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व से लेकर सड़क और आधारभूत संरचनाओं से जुड़े कई महत्त्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान डीएम ने राजगीर, हिलसा, नगरनौसा, सरमेरा, नूरसराय, एकंगरसराय, चण्डी एवं करायपरशुराय अंचलों में भू-अर्जन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी योजनाएं समयबद्ध एवं गुणवत्ता-पूर्ण तरीके से पूर्ण हों। उन्होंने मैप के माध्यम से सभी चिन्हित स्थलों का अवलोकन किया और मौके पर मौजूद पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।
राजगीर अंचल: मौजा- नीमा, ठेरा एवं पिलखी में कुल 3.7601 एकड़ भूमि पर NH-82 के 4 लेन निर्माण (हसनपुर से राजगीर इंटरनेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी मोड़ तक) की योजना।
हिलसा अंचल: मौजा- गुलनी एवं मई में 7.0635 एकड़ भूमि पर 7.0718 किमी लंबे पूर्वी हिलसा बाईपास का निर्माण, जिसमें दो आरओबी (रेलवे ओवर ब्रिज) भी शामिल हैं।
नगरनौसा अंचल: समघाट (NH-30A) से लच्छुविगहा रेलवे क्रॉसिंग तक 2.75 किमी सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य, जिसमें कुल 9.7034 एकड़ भूमि चिह्नित।
सरमेरा अंचल: अशोकधाम से सरमेरा तक नदी व टाल क्षेत्र के किनारे पुल, कलभर्ट और तटबंध युक्त पक्की सड़क का निर्माण – कुल 49.415 एकड़ भूमि में कार्य प्रस्तावित।
नूरसराय अंचल: 10.0745 एकड़ भूमि में नूरसराय से सिलाव पथ (बेगमपुर होते हुए) का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण।
एकंगरसराय अंचल: MMGSY के तहत मुजाहिदपुर से पालीपर पथ निर्माण – 1.4375 एकड़ भूमि का भू-अर्जन।
चंडी अंचल: दयालपुर मौजा में 132/33 केवी पावर ग्रिड के निर्माण हेतु 0.34875 एकड़ भूमि।
महत्त्वपूर्ण बौद्ध सर्किट योजना: चंडी, नूरसराय, वेन, सिलाव व राजगीर अंचलों की 24 मौजाओं में कुल 309.5904 एकड़ भूमि पर सालेपुर से राजगीर तक NH-82 फोर लेन बौद्ध सर्किट निर्माण।
करायपरशुराय अंचल: प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन निर्माण हेतु कराय थाना क्षेत्र की 5.09 एकड़ भूमि चिह्नित।
बिहार पुलिस अकादमी राजगीर: मौजा कटारी में 22.00 एकड़ भूमि पर सेकेंडरी एंट्रेंस गेट, प्रैक्टिस परेड ग्राउंड एवं अन्य अधोसंरचनाओं का निर्माण।
डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि भू-अर्जन के कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने कहा कि ये सभी योजनाएं नालंदा जिले के विकास की रीढ़ साबित होंगी।
इस समीक्षा बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी (बिहारशरीफ), तथा जिला भू-अर्जन पदाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में प्रत्येक परियोजना के भू-अर्जन की वर्तमान स्थिति, समस्याएं एवं समाधान पर विस्तृत चर्चा हुई।





