नालंदा DM-SP ने बड़गांव छठ घाट का निरीक्षण कर दिए कई अहम निर्देश

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। आगामी कार्तिक छठ पर्व के मद्देनज़र नालंदा जिला पुलिस-प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गया है। आज 22 अक्टूबर 2025 को जिलाधिकारी कुंदन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने संयुक्त रूप से राजगीर अनुमंडल के सिलाव प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बड़गांव छठ घाट का निरीक्षण किया।

विदित हो कि आगामी 25 से 28 अक्टूबर 2025 तक मनाए जाने वाले कार्तिक छठ पूजा के दौरान बड़गांव सूर्य मंदिर घाट पर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन ने शांति एवं विधि व्यवस्था संधारण हेतु व्यापक तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर पर्याप्त लाइटिंग, साफ-सफाई, पेयजल की व्यवस्था, अस्थाई शौचालय, चेंजिंग रूम, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, एनडीआरएफ टीम, नाव, गोताखोर, बैरिकेडिंग, साइनेज, नियंत्रण कक्ष तथा महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने विशेष रूप से कहा कि भीड़ प्रबंधन को लेकर पुख्ता इंतज़ाम किए जाएं ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना न रहे। दुकानों को सुव्यवस्थित ढंग से लगाया जाए तथा पार्किंग स्थल पर अवैध वसूली करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही चोर, उचक्के और पॉकेटमारों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश भी उन्होंने दिया।

जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि गहरे पानी वाले हिस्सों में सुरक्षा हेतु नाव, गोताखोर एवं एनडीआरएफ की टीम हर समय मुस्तैद रहे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं के बीच बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के मतदान दिवस 6 नवंबर 2025 के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जाए। श्रद्धालुओं को मतदान हेतु प्रेरित करने के लिए प्रचार-प्रसार के माध्यमों का भी उपयोग किया जाए।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (राजगीर), जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता (पीएचईडी), प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, कार्यपालक पदाधिकारी, पूजा समिति के सदस्य सहित अनेक अधिकारी व स्थानीय पुलिस बल उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार