Home हादसा कोसुत पुल पर किशोर की मौत, NH-20 पर युवक कुचला, DMU ट्रेन...

कोसुत पुल पर किशोर की मौत, NH-20 पर युवक कुचला, DMU ट्रेन ने ली बुजुर्ग की जान

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा जिले में शनिवार का दिन सड़क और रेल हादसों की त्रासदी लेकर आया। अलग-अलग स्थानों पर हुए तीन दर्दनाक हादसों में एक किशोर, एक अज्ञात युवक और एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया। इन घटनाओं से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है और लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरी चिंता देखी जा रही है।

स्कूटी सवार किशोर की मौके पर मौत

दीपनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत कोसुत नदी पुल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि स्कूटी चला रहे 15 वर्षीय लव कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे उसके मौसेरे भाई आयुष कुमार (14) गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतक लव कुमार बिंद थाना क्षेत्र के छतरपुर गांव निवासी विकास कुमार का पुत्र था और नौवीं कक्षा का छात्र था। बताया गया कि वह शुक्रवार को अपने परिवार के साथ दीपनगर थाना क्षेत्र के अयोध्या नगर स्थित अपने मौसा जितेंद्र कुमार के घर सत्यनारायण स्वामी की पूजा में शामिल होने आया था। शनिवार की सुबह वह अपने मौसेरे भाई के साथ स्कूटी से घूमने निकला था, तभी यह हादसा हो गया।

स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल आयुष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान में जुटी हुई है और ट्रैफिक थाना को भी सूचना दे दी गई है।

NH-20 पर अज्ञात युवक की मौत

इधर गिरियक थाना क्षेत्र अंतर्गत दुर्गा नगर, NH-20 पर एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से लगभग 28 वर्षीय एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर गिरियक थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

गिरियक थाना के अपर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन फिलहाल सफलता नहीं मिली है। शव को पोस्टमार्टम के बाद 72 घंटे तक मोर्चरी में सुरक्षित रखा जाएगा। यदि इस अवधि में पहचान हो जाती है तो शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, अन्यथा आगे की कार्रवाई नियमानुसार होगी।

DMU ट्रेन की चपेट में बुजुर्ग की मौत

वहीं राजगीर-बख्तियारपुर रेलखंड पर सिलाव के कड़ाह रेलवे हॉल्ट के पास शनिवार को एक बुजुर्ग की DMU ट्रेन से कटकर मौत हो गई। मृतक की पहचान कड़ाह बाजार निवासी कमलेश साव के पुत्र 65 वर्षीय विनोद साव के रूप में की गई है।

परिजनों के अनुसार पूरा परिवार दिल्ली में रहता है और विनोद साव भी वहीं रहते थे। करीब दो महीने पहले वे गांव आए थे। हाल के दिनों में उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। शनिवार को पटरी के पास चलते समय बिहारशरीफ की ओर से आ रही ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों ने आरोप लगाया कि घटना के बाद रेलवे पुलिस काफी देर तक मौके पर नहीं पहुंची। लंबा इंतजार करने के बाद परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। फिलहाल स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद रेलवे हॉल्ट के पास सुरक्षा इंतजामों को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version