औंगारी धाम से पचलोवा देवी स्थान तक आस्था की यात्रा, अखंड कीर्तन शुरु

इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर प्रखंड अंतर्गत पचलोवा गांव में ग्रामीणों के सहयोग से देवी स्थान के समीप 24 घंटे का अखंड कीर्तन श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।

अखंड कीर्तन के शुभारंभ से पूर्व औंगारी धाम स्थित सूर्य सरोवर से 425 कलशों में विधिवत जलभरी कर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में महिलाएं और पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण किए भजन-कीर्तन करते हुए सड़क मार्ग से पचलोवा देवी स्थान तक पहुंचे। जैसे ही शोभायात्रा गांव में प्रवेश की, वातावरण “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा।

शोभायात्रा में पचलोवा एवं अकबरपुर गांव के बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। देवी स्थान पहुंचने के बाद पूरे विधि-विधान के साथ कलशों की स्थापना की गई और अखंड कीर्तन की शुरुआत हुई, जो 24 घंटे तक निरंतर चलेगा।

पंचायत के मुखिया पवन कुशवाहा ने बताया कि यह आयोजन ग्रामीणों के सामूहिक सहयोग से संपन्न हो रहा है। उन्होंने कहा कि अखंड कीर्तन के समापन के उपरांत 30 जनवरी को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गांवों के श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में राजेंद्र प्रसाद, लालदेव महतो, अक्षय यादव, रूपेश कुमार, पप्पु प्रसाद, कंचन यादव, रंजीत यादव सहित कई ग्रामीण सक्रिय रूप से सहयोग कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि ग्रामीण एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने का भी जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया है।

( इस्लामपुर से नालंदा दर्पण के लिए रामकुमार वर्मा की रिपोर्ट )

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार