Home अपराध राजगीर सड़क पर मस्जिद के सामने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

राजगीर सड़क पर मस्जिद के सामने प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या

Property dealer shot dead in front of mosque on Rajgir road
Property dealer shot dead in front of mosque on Rajgir road

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नालंदा थाना क्षेत्र के पनहेस्सा गांव में एक सनसनीखेज वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी है। बिहारशरीफ-राजगीर सड़क किनारे टहल रहे एक प्रॉपर्टी डीलर की बाइक सवार अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पनहेस्सा गांव निवासी मोहम्मद शफी अहमद के 40 वर्षीय पुत्र रजी अहमद उर्फ नन्हू के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7:30 बजे रजी अहमद उर्फ नन्हू बिहारशरीफ-राजगीर सड़क पर मस्जिद के पास टहल रहे थे। तभी दो बाइक सवार अपराधी वहां पहुंचे और अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। हमलावरों ने रजी पर ताबड़तोड़ चार गोलियां दागीं। जो उनके हाथ, पंजरे और कमर के नीचे लगीं। गोलीबारी के बाद एक हमलावर राजगीर की ओर तो दूसरा बिहारशरीफ की ओर फरार हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल रजी को नजदीकी निजी क्लिनिक ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने गंभीर चोटों के कारण उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि कुछ दिन पहले पनहेस्सा गांव में दो पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद हुआ था। रजी अहमद इस विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहे थे।

पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद के चलते उनकी हत्या की गई। मृतक रजी अहमद पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे और जमीन के कारोबार में सक्रिय थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या यह हत्या किसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है।

घटना की सूचना मिलते ही राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है। आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके।

डीएसपी ने कहा कि हम सभी संभावित कोणों से मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह पुरानी रंजिश का मामला प्रतीत होता है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद पनहेस्सा गांव और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े इस तरह की वारदात ने उनकी सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकड़ने और कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!
Exit mobile version