राजगीर को वन फोरलेन-ओआरबी और टू फाइव स्टार होटल की सौगात

राजगीर (नालंदा दर्पण)। मगध की प्राचीन राजधानी और अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त धार्मिक पर्यटन स्थल राजगीर के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक रहा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में राजगीर के विकास को नई दिशा देने वाली दो महत्वपूर्ण योजनाओं को मंजूरी दी गई।

इनमें एक नई फोरलेन सड़क और रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के साथ-साथ दो पांच सितारा होटलों का निर्माण शामिल है। ये दोनों परियोजनाएं न केवल पर्यटन को बढ़ावा देंगी, बल्कि शिक्षा, खेल और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी।

कैबिनेट ने राजगीर में 7.40 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क के निर्माण को स्वीकृति दी है। यह सड़क खेल परिसर सह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के पहुंच पथ (1.3 किलोमीटर) से शुरू होकर नेशनल हाइवे-120 तक जाएगी। मार्ग वीरायतन पथांश (8.75 किलोमीटर) से होकर कुबड़ी, जैतीपुर, फतेहपुर होते हुए इंडो होक्के होटल तक पहुंचेगा। इस सड़क पर एक रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निर्माण भी किया जाएगा, जो क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और सुगम बनाएगा।

इस परियोजना की अनुमानित लागत 36,399.30 लाख रुपये (लगभग 363 करोड़ 99 लाख 30 हजार रुपये) है। यह सड़क राजगीर की कनेक्टिविटी को मजबूत करेगी और पर्यटकों, खिलाड़ियों, शोधार्थियों और स्थानीय निवासियों के लिए आवागमन को आसान बनाएगी। बेहतर सड़क संपर्क से राजगीर में पर्यटन और खेल से संबंधित गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा।

पर्यटन को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के लिए मंत्रिमंडल ने पीपीपी (पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप) मॉडल के तहत राजगीर में दो पांच सितारा होटलों के निर्माण को सैद्धांतिक मंजूरी दी है। यह स्वीकृति संचालन आधारभूत संरचना विकास सामर्थ्यकारी (इनेबलिंग) संशोधन अधिनियम 2023 के प्रावधानों के अनुरूप है।

पहला होटल आरआईसीसी से पश्चिम और होटल तथागत से उत्तर की परती जमीन पर निर्मित होगा। दूसरा होटल अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के समीप बनाया जाएगा।

ये दोनों होटल राजगीर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों, खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और शोधार्थियों को विश्वस्तरीय आवास और सुविधाएं प्रदान करेंगे। इन होटलों के निर्माण से राजगीर में उच्चस्तरीय पर्यटन सुविधाओं का विकास होगा, जिससे क्षेत्र की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी।

बौद्ध और जैन तीर्थस्थलों के लिए विश्वविख्यात राजगीर अब विश्वस्तरीय खेल और पर्यटन केंद्र के रूप में भी अपनी पहचान स्थापित करेगा। इन परियोजनाओं से न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय व्यापार और रोजगार के अवसरों में भी वृद्धि होगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजनों को और बेहतर ढंग से आयोजित करने में भी ये परियोजनाएं महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस ऐतिहासिक फैसले से राजगीर में अपार हर्ष का माहौल है। स्थानीय निवासियों का मानना है कि ये परियोजनाएं राजगीर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगी। नई सड़क और होटल न केवल क्षेत्र की आर्थिक समृद्धि को बढ़ाएंगे, बल्कि राजगीर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूती प्रदान करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार