नूरसराय में गल्ला मंडी के मुंशी से 3.32 लाख की दिनदहाड़े लूट

बिहारशरीफ (नालंदा दर्पण)। नूरसराय थाना क्षेत्र के मकनपुर पुल के पास दिनदहाड़े एक सनसनीखेज लूट की वारदात ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। चार अपराधियों ने दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर बिहारशरीफ बाजार समिति के गल्ला मंडी में कार्यरत मुंशी संजय कुमार से 3.32 लाख रुपये की नकदी लूट ली।

बताया जाता है कि परवलपुर थाना क्षेत्र के निवासी संजय कुमार गुरुवार की सुबह बकाया राशि वसूलने के लिए अपने घर से निकले थे। उनके पास 3,32,640 रुपये की नकदी थी। वे यह राशि गल्ला मंडी के लिए ले जा रहे थे। दोपहर में जब वे परवलपुर बाजार से वापस लौट रहे थे, तभी मकनपुर पुल के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार युवकों ने उन्हें घेर लिया।

अपराधियों ने पहले संजय कुमार को यह कहकर रोका कि उनकी मोटरसाइकिल का लाइसेंस फेल है और उन्हें कागजात दिखाने होंगे। संजय ने जब उनसे उनकी पहचान पूछी तो बदमाशों ने उन्हें चार-पांच थप्पड़ जड़ दिए।

इसके बाद एक अपराधी ने पिस्तौल निकालकर उन्हें धमकाया और उनकी मोटरसाइकिल की चाबी छीन ली। बदमाशों ने जबरदस्ती मोटरसाइकिल की डिक्की तोड़ी और उसमें रखा पैसों से भरा झोला लूट लिया। संजय ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन अपराधी बिहार शरीफ की दिशा में तेजी से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही नूरसराय पुलिस तुरंत हरकत में आई। नूरसराय थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके।

पीड़ित ने बताया कि अपराधियों की उम्र 20 से 28 साल के बीच थी और उनमें से एक पलसर-220 मोटरसाइकिल चला रहा था, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर BR-21 AF 3544 था। यह जानकारी पुलिस के लिए अपराधियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

बहरहाल इस दिनदहाड़े लूट की घटना ने नूरसराय और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने पुलिस प्रशासन से इस मामले में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। गल्ला मंडी के व्यापारियों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं उनके व्यवसाय और सुरक्षा को खतरे में डाल रही हैं।

पुलिस के लिए भी यह घटना एक बड़ी चुनौती है। क्योंकि अपराधी दिनदहाड़े इतनी हिम्मत के साथ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज और मोटरसाइकिल के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस को जल्द से जल्द अपराधियों तक पहुंचना होगा। ताकि लोगों का भरोसा कानून-व्यवस्था पर बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

अन्य समाचार