Home नगरनौसा नगरनौसा के हाजीपुर में रिसेप्शन पार्टी में चली गोली, एक घायल, एक...

नगरनौसा के हाजीपुर में रिसेप्शन पार्टी में चली गोली, एक घायल, एक गिरफ्तार

Shots fired at a reception party in Hajipur village of Nagarnausa, one injured, one arrested
Shots fired at a reception party in Hajipur village of Nagarnausa, one injured, one arrested

नगरनौसा (राहुल राज)। नगरनौसा थानांतर्गत ग्राम हाजीपुर में एक रिसेप्शन पार्टी के दौरान हर्ष फायरिंग की घटना सामने आई है। जिससे समारोह की खुशियाँ मातम में बदल गईं। घटना बीती रात 5-6 मार्च की है।

बताया जाता है कि पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हाजीपुर में आयोजित शादी के रिसेप्शन में किसी ने गोली चला दी, जिससे एक युवक घायल हो गया। उसके बाद नालंदा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (हिलसा-1) के नेतृत्व में नगरनौसा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।

घटना में घायल जितेंद्र कुमार (उम्र 29 वर्ष), जो पटना जिले के अगमकुआं थाना क्षेत्र के बड़ी पहाड़ी गांव के निवासी हैं, उसने पुलिस को फर्द बयान दिया। उनके बयान के आधार पर नगरनौसा थाना कांड संख्या 51/25 के तहत दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

इसके बाद पुलिस की त्वरित कार्रवाई में एक आरोपी डिकेस कुमार (उम्र 24 वर्ष, निवासी फाजिल्लापुर, थाना नगरनौसा) को गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दूसरा आरोपी अब भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है और घटना में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गोली पीड़ित जितेंद्र कुमार के दाहिने पैर में लगी है। जिसे तुरंत पटना के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।

घटना के बाद हाजीपुर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है। गांव में शांति व्यवस्था बनी रहे। इसके लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।

बहरहाल शादी समारोहों और खुशी के मौके पर हर्ष फायरिंग का चलन तेजी से बढ़ रहा है, जो कई बार गंभीर हादसों का कारण बनता है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शादी या अन्य खुशी के मौकों पर हर्ष फायरिंग से बचें। अन्यथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version