खेल-कूदनालंदाबिग ब्रेकिंगराजगीर

बिहार में खेल संस्कृति को नई ऊंचाई, राजगीर क्रिकेट स्टेडियम का लोकार्पण

राजगीर क्रिकेट स्टेडियम  के  उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री ने बताया कि 2022 से 2025 तक बिहार सरकार ने 2085 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को लगभग 23.5 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि प्रदान की है। यह कदम बिहार में खेल को प्रोत्साहन देने और खिलाड़ियों के लिए नए अवसर सृजित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है…

राजगीर (नालंदा दर्पण)। आज बिहार के राजगीर में एक ऐतिहासिक दिन रहा, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नवनिर्मित राजगीर क्रिकेट स्टेडियम के पवैलियन और क्रिकेट ग्राउंड का शिलापट्ट अनावरण व फीता काटकर भव्य लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्टेडियम का अवलोकन किया और वहां की आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। खिलाड़ियों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया, जिसका जवाब मुख्यमंत्री ने हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार करते हुए दिया।

करीब 18 एकड़ के विशाल भूखंड पर निर्मित यह स्टेडियम 40,000 दर्शकों की बैठने की क्षमता के साथ बनाया गया है। इसमें एक भव्य (G+5) पवैलियन, महाराष्ट्र की लाल मिट्टी से बनी 6 पिचें, और मोकामा की काली मिट्टी से तैयार 7 पिचें शामिल हैं। बारिश के मौसम में पानी की निकासी के लिए उन्नत ड्रेनेज प्रणाली विकसित की गई है।

स्टेडियम में खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। जिनमें खिलाड़ियों के लिए विशेष पवैलियन, कोच और मैनेजर के लिए आरक्षित बैठक व्यवस्था, वीवीआईपी मेहमानों के लिए खास स्टैंड, मीडिया के लिए समर्पित गैलरी शामिल हैं।

बीसीसीआई के मानकों के अनुरूप निर्मित यह स्टेडियम राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। यह न केवल बिहार में खेल संस्कृति को बढ़ावा देगा, बल्कि राजगीर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल पर्यटन के मानचित्र पर स्थापित करेगा। इस स्टेडियम के निर्माण से स्थानीय अर्थव्यवस्था और पर्यटन को भी बल मिलेगा।

लोकार्पण के पश्चात् मुख्यमंत्री ने राज्य खेल अकादमी, राजगीर में आयोजित समारोह में 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र प्रदान किए। इनमें 39 महिला और 48 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत इन खिलाड़ियों को उनकी योग्यता के आधार पर विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए चयनित किया गया है।  जिनमें पुलिस अवर निरीक्षक पद के 10 खिलाड़ी (8 महिलाएं, 2 पुरुष), बाल कल्याण पदाधिकारी के 1 खिलाड़ी, निम्नवर्गीय लिपिक पद के 65 खिलाड़ी, कार्यालय परिचारी पद के 11 खिलाड़ी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सांकेतिक रूप से 10 खिलाड़ियों अंशिका कुमारी, सपना कुमारी, पायल प्रीति, निखत खातून, खुशबू कुमारी, सुल्ताना बानो, स्वीटी कुमारी, माही श्वेतराज, नीरज कुमार, और बॉबी कुमार को चयन पत्र सौंपे।

इसके साथ ही 812 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल संघों, और खेल अधिकारियों के बीच 7 करोड़ 43 लाख रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित की गई। इसमें 152 पैरा खिलाड़ी, 631 खिलाड़ी (297 महिलाएं, 486 पुरुष), 24 प्रशिक्षक, 5 खेल संघ और 1 खेल अधिकारी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने तीन अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ियों शैलेश कुमार (75 लाख रुपये), बॉबी कुमार (35 लाख रुपये) और गोल्डी कुमारी (10 लाख रुपये) को सांकेतिक चेक प्रदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

error: Content is protected !!