Tuesday, February 17, 2026
अन्य

    बेख़ौफ़ बदमाशों का आतंक: CSP संचालक को गोली मारकर 1.20 लाख की लूट

    नगरनौसा (नालंदा दर्पण)। चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगरनौसा-चेरो पथ पर स्थित मुशहरी गांव मोड़ पर उस समय सनसनी फैल गई, जब बाइक सवार दो बेख़ौफ़ बदमाशों ने दिनदहाड़े पंजाब नेशनल बैंक के सीएसपी संचालक को गोली मारकर एक लाख बीस हजार रुपये लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी गिलानीचक गांव की ओर फरार हो गए।

    गंभीर रूप से घायल सीएसपी संचालक की पहचान नगरनौसा थाना क्षेत्र के बड़िहा गांव निवासी धर्मेंद्र प्रसाद के 28 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार के रूप में हुई है। गोली उनके दाहिने पैर में लगी है, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े।

    स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत उन्हें नगरनौसा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने स्थिति गंभीर देख पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्नी कुमार बुधवार को नगरनौसा स्थित पंजाब नेशनल बैंक से 1.20 लाख रुपये निकालकर अपने सीएसपी सेंटर चिश्तिपुर लौट रहे थे।

    इसी दौरान पल्सर 220 बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनका पीछा किया और जैसे ही वे मुशहरी गांव मोड़ के पास पहुंचे, बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और रुपयों से भरा बैग छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर बदमाशों ने तीन राउंड फायरिंग की। जिसमें एक गोली सन्नी के पैर में लग गई।

    घटना के बाद घायल अवस्था में सन्नी सड़क किनारे गिर पड़े। इसी बीच अपराधी रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। मौके पर जुटे स्थानीय लोगों ने घायल सन्नी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा और पुलिस को सूचना दी।

    सूचना मिलते ही नगरनौसा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। हिलसा डीएसपी रंजन कुमार ने मौके का जायजा लेते हुए बताया कि यह एक पूर्व-नियोजित लूट प्रतीत हो रही है। अपराधियों ने सन्नी का पीछा कर वारदात को अंजाम दिया है।

    डीएसपी रंजन कुमार ने कहा कि सन्नी कुमार नगरनौसा बैंक से पैसा निकाल कर अपने सीएसपी जा रहे थे। रास्ते में मुशहरी मोड़ के पास अपराधियों ने उन्हें गोली मारी और बैग लूटकर फरार हो गए। चंडी थाना में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। अपराधियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाएगी।

    बहरहाल, दिनदहाड़े हुई इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती के साथ-साथ बैंक एवं सीएसपी संचालकों को सुरक्षा देने की मांग की है।

    Nalanda Darpanhttps://nalandadarpan.com/
    नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के संचालक-संपादक वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (Mukesh Bhartiy) पिछले 35 वर्षों से समाचार लेखक, संपादक और संचार विशेषज्ञ के रूप में सक्रिय हैं। उन्हें समसामयिक राजनीति, सामाजिक मुद्दों, स्थानीय समाचार और क्षेत्रीय पत्रकारिता पर गहरी पकड़ और विश्लेषणात्मक अनुभव है। वे तथ्य आधारित, निष्पक्ष और भरोसेमंद रिपोर्टिंग के माध्यम से पाठकों तक ताज़ा खबरें और सटीक जानकारी पहुँचाने के लिए जाने जाते हैं। एक्सपर्ट मीडिया न्यूज़ (Expert Media News) सर्विस द्वारा प्रकाशित-प्रसारित नालंदा दर्पण (Nalanda Darpan) के माध्यम से वे स्थानीय समाचार, राजनीतिक विश्लेषण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हैं। उनका मानना है कि स्थानीय पत्रकारिता का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि सच को जिम्मेदारी, प्रमाण और जनहित के साथ सामने रखना है। ताकि एक स्वस्थ समाज और स्वच्छ व्यवस्था की परिकल्पना साकार हो सके।

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here

    This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

    आपकी खबरें

    error: Content is protected !!