इस्लामपुर (नालंदा दर्पण)। इस्लामपुर प्रखंड के विष्णुपूर हाई स्कूल के खेल मैदान में मेरा युवा भारत कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित दो दिवसीय क्लस्टर स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों व पंचायतों से आए प्रतिभागियों ने अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक रूहेल रंजन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेलकूद न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक विकास का भी सशक्त माध्यम है। खेलों के प्रति रुचि रखने वाले युवा प्रखंड, जिला, राज्य से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने युवाओं से पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान वॉलीबॉल में वारियर्स परवलपुर की टीम ने विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि तेल्हाड़ा की टीम उपविजेता रही। कबड्डी बालिका वर्ग में मीरा बाई तेतरीया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि लक्ष्मी बाई उपविजेता रहीं।
एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। बालिका 200 मीटर दौड़ में बबली प्रथम, ममता द्वितीय और संध्या कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालक 400 मीटर दौड़ में नीरज ने प्रथम, कौशलेंद्र कुमार ने द्वितीय और रोहित कुमार ने तृतीय स्थान हासिल किया।
गोला फेंक बालक वर्ग में पियूष कुमार प्रथम, प्रियांशु कुमार द्वितीय और शुभम रंजन तृतीय स्थान पर रहे। वहीं गोला फेंक बालिका वर्ग में आयुषी कुमारी, दिव्या कुमारी और माधुरी कुमारी ने क्रमशः उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान प्राप्त किए।
सभी विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को विधायक द्वारा मोमेंटो, कप और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रखंड स्वयंसेवक विक्की कुमार, धर्मेंद्र कुमार, विद्यालय के प्रधानाध्यापक नागेंद्र प्रसाद, पूर्व जिलापार्षद रितेश गांधी सहित कई गणमान्य लोग और खेल प्रेमी मौजूद रहे।
