Home गाँव-जवार हथियारबंद 3 बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र से दिनदहाड़े ₹2.60 लाख लूटा

हथियारबंद 3 बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र से दिनदहाड़े ₹2.60 लाख लूटा

Three armed miscreants looted ₹2.60 lakh from a customer service centre in broad daylight

नगरनौसा (नालंदा दर्पण संवाददाता)। हिलसा अनुमंडल क्षेत्र के नगरनौसा थाना क्षेत्र अंतर्गत महमदपुर गांव में स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की घटना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। तीन हथियारबंद बदमाशों ने ग्राहक सेवा केंद्र से दो लाख साठ हजार रुपये लूट लिए और फरार हो गए। इस घटना ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी है, वहीं पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार  आज दोपहर एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश महमदपुर गांव में स्थित एसबीआई ग्राहक सेवा केंद्र के पास पहुंचे। इनमें से एक बदमाश मोटरसाइकिल के पास खड़ा रहा, जबकि दो अन्य बदमाश मास्क पहनकर सीएसपी के अंदर घुस गए।

उसके बाद बदमाशों ने हथियार का भय दिखाकर केंद्र के संचालक संदीप पटेल से दो लाख साठ हजार रुपये नकद लूट लिए। लूटपाट के बाद बदमाशों ने तेजी से सीएसपी का शटर गिराया और बाहर खड़े अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर रामघाट की ओर फरार हो गए।

संचालक संदीप पटेल ने बताया कि वह अपने केंद्र में बैठकर काम कर रहे थे, तभी दो मास्कधारी युवक अंदर घुसे और पिस्तौल दिखाकर धमकाने लगे। बदमाशों ने तुरंत नकदी लूटी और बाहर निकलते समय शटर बंद कर दिया, जिससे संचालक तत्काल पीछा नहीं कर सके। आसपास के लोगों को संचालक के शोर मचाने पर घटना की जानकारी हुई, लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही हिलसा की सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शैलजा के नेतृत्व में नगरनौसा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू किए हैं, ताकि बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके। इसके अतिरिक्त फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है।

एएसपी शैलजा ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। बदमाशों के भागने के रास्ते में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को पकड़ लिया जाएगा और इस डकैती के मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।

इस सनसनीखेज घटना के बाद महमदपुर और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनदहाड़े हुई इस घटना ने पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में गश्त बढ़ाई जाए और ग्राहक सेवा केंद्रों जैसे संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Exit mobile version