
इस अत्याधुनिक वाटर लेजर लाइट-साउंड शो का उद्देश्य राजगीर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, पुरातात्विक और प्राकृतिक धरोहर को आधुनिक तकनीक के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत करना है…
राजगीर (नालंदा दर्पण)। बिहार के ऐतिहासिक धार्मिक और आध्यात्मिक नगरी राजगीर का पांडू पोखर पर्यटन के क्षेत्र में एक नया आयाम स्थापित करने की ओर अग्रसर है। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल राजगीर में अब पर्यटकों के लिए एक अनूठा आकर्षण जोड़ा जा रहा है। नवंबर 2025 से पांडू पोखर में वाटर लेजर लाइट और साउंड शो की शुरुआत होने जा रही है, जो न केवल स्थानीय लोगों के लिए मनोरंजन का साधन बनेगा, बल्कि देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को भी राजगीर की समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत से रूबरू कराएगा।
पांडू पोखर को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (बीएसटीडीसी) द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस परिसर को सजाने-संवारने का कार्य तेजी से चल रहा है, और जल्द ही यहाँ म्यूजिकल फाउंटेन के साथ वाटर लेजर लाइट और साउंड शो का शानदार प्रदर्शन शुरू होगा।
वाटर लेजर लाइट और साउंड शो की सबसे बड़ी खासियत होगी इसका पानी, रोशनी और ध्वनि का अनूठा संयोजन। यह शो दर्शकों को एक जीवंत और अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा।
बीएसटीडीसी के कार्यपालक अभियंता करुनेश कुमार सिंह के अनुसार, इस शो में रेनबो शूटर जेट, हाई जेट, डांसिंग फाउंटेन, इनसाइड एंड आउटसाइड ड्रॉप, डायमंड जेट, वाटर स्क्रीन और सनबर्स्ट जैसी अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जाएगा। ये सभी तकनीकें मिलकर मगध साम्राज्य, राजगीर की गौरवशाली विरासत, पौराणिक कथाएँ, बौद्ध और जैन परंपराएँ, मौर्य और गुप्तकालीन संस्कृति, साथ ही यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता को दृश्यात्मक रूप में प्रदर्शित करेंगी।
पांडू पोखर परिसर में दर्शकों की सुविधा के लिए 200 से अधिक लोगों के बैठने की व्यवस्था की जा रही है, ताकि सैलानी और स्थानीय लोग आराम से इस शो का आनंद ले सकें।
वशक यह पहल नालंदा और राजगीर क्षेत्र की पर्यटन क्षमता को और मजबूत करेगी। वाटर लेजर लाइट और साउंड शो के शुरू होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलेगा। पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय व्यवसायों, जैसे होटल, रेस्तरां और हस्तशिल्प उद्योग को लाभ होगा। साथ ही यह शो राजगीर की उन अनछुई कहानियों को उजागर करेगा, जो इस धरती को गौरवान्वित करती हैं।
कभी मगध साम्राज्य की राजधानी रही राजगीर बौद्ध और जैन धर्म का एक प्रमुख केंद्र है। यहाँ की प्राकृतिक सुंदरता, प्राचीन मठ, गर्म पानी के झरने और ऐतिहासिक स्थल पहले से ही सैलानियों को आकर्षित करते हैं। अब वाटर लेजर लाइट और साउंड शो के साथ राजगीर पर्यटकों के लिए और भी आकर्षक बनने जा रहा है। जो कि यहां के गौरवशाली अतीत को आधुनिक पीढ़ी तक पहुँचाने का एक अनूठा प्रयास भी होगा।





