ब्लैक बोर्ड पर छूटा ‘आ’कार, हो गया अर्थ का अनर्थ, शिक्षक को पीटा

चंडी (नालंदा दर्पण)। चंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत मध्य विद्यालय कुरथिया में एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शिक्षक को ब्लैक बोर्ड पर लिखे शब्द में ‘आ’कार छूटने के कारण ग्रामीणों ने लाठी और बेल्ट से पीटकर लहूलुहान कर दिया। इस घटना ने न केवल स्कूल के अन्य शिक्षकों में दहशत पैदा कर दी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था और सामाजिक मानसिकता पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित शिक्षक सुबोध कुमार स्कूल के कार्यालय में अपने नियमित कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान मनोरंजन कुमार, सुनील चौहान, शंभू चौहान, अरुण चौहान, रीना देवी, नीतीश चौहान समेत लगभग डेढ़ दर्जन लोगों का समूह स्कूल परिसर में घुस आया। आरोप है कि इन लोगों ने शिक्षक पर लाठी और बेल्ट से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
शिक्षक सुबोध कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने ब्लैक बोर्ड पर एक शब्द लिखा था, जिसमें गलती से ‘आ’कार छूट गया। इस छोटी सी गलती ने शब्द का अर्थ पूरी तरह बदल दिया, जिसे ग्रामीणों ने अश्लील मान लिया। इसी गलतफहमी और पुरानी खुन्नस के चलते उनकी पिटाई की गई। उन्होंने चंडी थाना में इस घटना की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन दिया है, जिसमें डेढ़ दर्जन लोगों को नामजद किया गया है।
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षक की पिटाई का कारण बोर्ड पर अश्लील शब्द लिखना नहीं, बल्कि गैर-हाजिर छात्रों की उपस्थिति काटना था। उनका आरोप है कि सुबोध कुमार बिना कारण के छात्रों की हाजिरी काट रहे थे, जिससे नाराज होकर कुछ लोगों ने यह कदम उठाया। इस दावे ने मामले को और जटिल बना दिया है।
चंडी थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। प्राथमिकी के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की तहकीकात की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बहरहाल, इस घटना के बाद मध्य विद्यालय कुरथिया में दहशत का माहौल है। शिक्षकों में भय व्याप्त है और कई लोग अब अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच भी इस घटना को लेकर चर्चा जोरों पर है।










