करायपरशुरायअपराधनालंदापुलिसबिग ब्रेकिंगहिलसा

चिठ्ठी की जगह शराब ढो रहे पार्सल वाहन, 2 वाहन समेत 6.5 लाख की बोतलें बरामद

एकंगरसराय थाना क्षेत्र में हिलसा मध्य निषेध थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो चालक गिरफ्तार

हिलसा (नालंदा दर्पण)। डाक सेवा की आड़ में पार्सल वाहन से शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हिलसा मध्य निषेध थाना पुलिस ने एकंगरसराय थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो डाक पार्सल वाहनों से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकों को भी गिरफ्तार कर लिया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है।

मध्य निषेध थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार के अनुसार आज सोमवार को उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि जहानाबाद की ओर से डाक पार्सल वाहनों के माध्यम से शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद हिलसा अनुमंडल अंतर्गत एकंगरसराय थाना क्षेत्र के वीर कुंवर सिंह चौक के पास नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान जहानाबाद की ओर से आ रहे दो डाक पार्सल वाहनों को रोका गया और सघन तलाशी ली गई। तलाशी के क्रम में वाहनों के ऊपर बनाए गए विशेष रूप से छिपाए गए चेंबर से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने पर पुलिस भी हैरान रह गई।

पुलिस ने बताया कि एक वाहन से 180 एमएल की कुल 3098 बोतलें विदेशी शराब बरामद की गई हैं, जो उत्तर प्रदेश में निर्मित बताई जा रही है। शराब को इस तरह छुपाया गया था कि सामान्य जांच में उसका पता लगाना मुश्किल था।

गिरफ्तार किए गए चालकों की पहचान समस्तीपुर जिले के आसीनचक गांव निवासी रमेश पासवान के 21 वर्षीय पुत्र राम इकबाल पासवान तथा वैशाली जिले के मियांबौरी गांव निवासी बुधन राय के 22 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार के रूप में की गई है। पूछताछ में पुलिस को तस्करी से जुड़े नेटवर्क के संकेत भी मिले हैं।

इस मामले में हिलसा मध्य निषेध थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।

पुलिस की इस कार्रवाई से शराब तस्करों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने निषेध कानून को सख्ती से लागू करने को लेकर पुलिस की सराहना की है।

हिलसा से धनंजय कुमार की रिपोर्ट

Nalanda Darpan

वरिष्ठ पत्रकार मुकेश भारतीय (mukesh bhartiy) पिछले तीन दशक से राजनीति, अर्थ, अधिकार, प्रशासन, पर्यावरण, पर्यटन, धरोहर, खेल, मीडिया, कला, संस्कृति, मनोरंजन, रोजगार, सरकार आदि को लेकर स्थानीय, राष्ट्रीय एवं वैश्विक स्तर पर बतौर कंटेंट राइटर-एडिटर सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.